जयपुर जिला परिषद के जिला प्रमुख पद के निर्वाचन में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी यशवीर सूरा ने भाजपा के राजेश कुमार गुर्जर को 28 मतों के अंतर से हराकर जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया। सूरा को कुल 42 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार गुर्जर के पक्ष में 14 मत पड़े। निर्वाचन प्रक्रिया में कुल 56 सदस्यों ने मतदान किया और सभी मत वैध पाए गए। NOTA के पक्ष में एक भी मत नहीं पड़ा।

जयपुर जिला प्रशासन के अनुसार, जिला परिषद के जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के लिए आयोजित बैठक में 57 निर्वाचित सदस्यों में से 56 सदस्य उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं रिटर्निंग अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि निर्वाचन के लिए भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 22 के निर्वाचित सदस्य राजेश कुमार गुर्जर और कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 28 के निर्वाचित सदस्य यशवीर सूरा ने नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए थे।

नामांकन-पत्रों की संवीक्षा के दौरान दोनों प्रत्याशियों के दस्तावेज वैध पाए गए। इसके बाद मतदान कराया गया। मतगणना में यशवीर सूरा को 42 और राजेश कुमार गुर्जर को 14 मत प्राप्त हुए। सभी 56 मत वैध घोषित किए गए, जबकि NOTA के पक्ष में कोई मत नहीं पड़ा। परिणाम घोषित होने के बाद यशवीर सूरा को जिला परिषद जयपुर के जिला प्रमुख पद पर विधिवत निर्वाचित घोषित किया गया। इसके बाद उन्हें नियमानुसार शपथ दिलाई गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद जयपुर के उप जिला प्रमुख पद के लिए निर्वाचन गुरुवार, 26 नवंबर को जिला परिषद कार्यालय, जयपुर में आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी और सुबह 11 बजे तक नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक नामांकन-पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थिता वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होगी।

अभ्यर्थिता वापसी की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल होने वाले सभी निर्वाचित सदस्यों के लिए अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र और फोटोयुक्त पहचान-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

इस प्रकार जयपुर जिला परिषद को नया जिला प्रमुख मिल गया है। अब 26 नवंबर को होने वाले उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन पर प्रशासनिक और राजनीतिक नजरें रहेंगी।

Next Story