जयपुर, 6 मार्च। जयपुर जिला प्रशासन, युवा मामले एवं खेल विभाग तथा कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नवीन युवा नीति 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में युवाओं को रोजगार एवं कैरियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से यूनिसेफ के सहयोग से कैरियर मार्गदर्शन एवं रोजगार सहायता शिविर का आयोजन 18 मार्च को युवा आवास परिसर, जयपुर में किया जाएगा।

निजी नियोजकों द्वारा मौके पर साक्षात्कार और चयन

इस शिविर में निर्माण, लॉजिस्टिक, बैंकिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, सिक्योरिटी, कॉल सेंटर, होटल, हॉस्पिटल तथा बीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े निजी नियोजक अपनी रिक्तियों के साथ भाग लेंगे तथा मौके पर ही युवा अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर प्राथमिक चयन करेंगे।

विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं की जानकारी

इसके अतिरिक्त आईटीआई, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम, राष्ट्रीय करियर सेवा फॉर एससी/एसटी, जिला उद्योग केन्द्र जयपुर तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभाग भी शिविर में भाग लेकर युवाओं को अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे।

करियर काउंसलिंग और आवश्यक योग्यता

उप प्रादेशिक रोजगार कार्यालय, जयपुर की उपनिदेशक श्रीमती नवरेखा ने बताया कि "शिविर में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही कैरियर काउंसलर्स द्वारा युवाओं की योग्यता एवं रुचि के अनुसार उपयुक्त कैरियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।"

उन्होंने बताया कि दसवीं, बाहरवीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नर्सिंग सहित विभिन्न योग्यताओं वाले बेरोजगार युवा इस शिविर में भाग लेकर अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छाया प्रतियां तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लेकर शिविर में उपस्थित हों।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story