राजापार्क के आदर्श विद्या मंदिर में योग और सृजन का उत्सव, ‘सृजनामृतम 2026’ का होगा भव्य समापन
जयपुर के राजापार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग कार्यक्रम और समर कैम्प ‘सृजनामृतम 2026’ का भव्य ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा। विद्यार्थियों की प्रतिभाओं और सृजनात्मकता का अनूठा प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जयपुर के राजापार्क स्थित उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में रविवार, 21 जून को योग, संस्कृति और सृजनात्मक प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विद्यालय परिसर में एक ओर जहां योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा, वहीं दूसरी ओर समर कैम्प “सृजनामृतम 2026” के भव्य समापन समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभाओं का रंगारंग प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रातः 7 बजे आयोजित होने वाले विशेष योग कार्यक्रम में योगासन, प्राणायाम, ध्यान, योग प्रदर्शन तथा योग विषयक चर्चा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर योगाचार्या सरोज शर्मा प्रतिभागियों को योग का अभ्यास कराते हुए उसके महत्व और लाभों से भी अवगत कराएंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इसके उपरांत सुबह 9 बजे से विद्यालय के सीबीएसई परिसर में समर कैम्प “सृजनामृतम 2026” का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा। प्रिंसिपल सुनयना नागपाल ने बताया कि समारोह में विद्यार्थियों द्वारा नृत्य प्रस्तुति, सुगम संगीत, नाटिका तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से समर कैम्प के दौरान विकसित की गई विद्यार्थियों की रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।
डायरेक्टर डॉ. रीता भार्गव एवं प्रभारी वंदना मेहरोत्रा के अनुसार विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विविध कला एवं शिल्प सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे उनके सृजनात्मक कौशल और नवाचार को प्रदर्शित किया जा सकेगा।
प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रो. राजीव सक्सेना और सचिव संजीव भार्गव ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता अशोक परनामी तथा विधायक बालमुकुंद आचार्य दीप प्रज्ज्वलित कर करेंगे। विद्यालय परिवार ने इस अवसर को विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार और सृजनात्मकता के उत्सव के रूप में विशेष महत्व दिया है।
योग, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति के समन्वय से आयोजित यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सृजनशीलता के संदेश को भी प्रभावी रूप से प्रसारित करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
