जयपुर: महिला सशक्तिकरण से राजस्थान बनेगा अग्रणी राज्य, बोले मंत्री जोगाराम पटेल
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जयपुर में जिला स्तरीय समारोह आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनजीओ और कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित।

जयपुर के हरीश चंद्र माथुर राज्य लोक प्रशासन संस्थान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान मंचासीन अतिथि और उपस्थित जनसमूह।
जयपुर, 8 मार्च। नारी ही प्रगति की धुरी और महिला सशक्तिकरण से राजस्थान देश का अग्रणी राज्य बनेगा। यह कहना है जिला प्रभारी मंत्री श्री जोगाराम पटेल का। श्री पटेल ने हरीश चंद्र माथुर राज्य लोक प्रशासन संस्थान के भगवत सिंह सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिला ही सही अर्थों में राजस्थान को देश में अग्रणी राज्य बना सकती है।
महिला सशक्तिकरण और राज्य की प्रगति
श्री जोगाराम पटेल ने कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में इस बात पर विशेष बल दिया कि "किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं है। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराकर ही एक सशक्त और समृद्ध समाज की स्थापना की जा सकती है।" उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर प्रयास कर रही है।
सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्राथमिकता
जिला प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि "महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आगे बढ़ना चाहिए और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।"
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना
प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा समाज हित में किए जा रहे त्याग और समर्पण को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि "आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रतिदिन 2 से 5 किलोमीटर तक पैदल चलकर छह वर्ष से कम आयु के बच्चों की मां के समान देखभाल करती हैं तथा किशोरियों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखती हैं। उनका यह समर्पण समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।"
'सशक्त नारी, सशस्त्र राजस्थान' थीम पर समारोह
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को 'सशक्त नारी, सशस्त्र राजस्थान' थीम पर जिला प्रशासन जयपुर एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रमुख श्रीमती रमा देवी चोपड़ा ने की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रमुख श्रीमती रमा देवी चोपड़ा ने कहा कि "हमारे राष्ट्र की प्रमुख श्रीमती द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं।" उन्होंने आगे कहा कि "घर को स्वर्ग बनाने वाली भी मातृशक्ति ही है और आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश और प्रदेश को प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रही हैं।"
उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान और उपस्थिति
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले गैर सरकारी संगठनों की प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रीमती प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (उत्तर) जयपुर श्री मुकेश कुमार मूंड, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री राजेश डोगीवाल तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक श्रीमती पार्थवी शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और महिलाओं के हित में कार्य करने वाले गैर सरकारी संगठनों की प्रतिनिधि उपस्थित रहीं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
