स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: जयपुर को मिला स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान भवन में जयपुर को राष्ट्रीय सम्मान दिया; महापौर सुनील कोठारी ने इस सफलता का श्रेय शहर की जनता और स्वच्छता कर्मियों को दिया।

जयपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल कर जयपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। गुलाबी नगरी को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने जयपुर को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि को महापौर श्री सुनील कोठारी ने समस्त जयपुरवासियों के लिए हर्ष, गर्व और गौरव का विषय बताया है।
महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि राष्ट्रपति के कर-कमलों से प्राप्त यह सम्मान जयपुर की सामूहिक मेहनत, जनसहभागिता और स्वच्छता के प्रति शहरवासियों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व और राजस्थान सरकार के सतत प्रयासों को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय सम्मान का वास्तविक श्रेय जयपुर की जागरूक जनता, दिन-रात परिश्रम करने वाले स्वच्छता कर्मियों, नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्वच्छता अभियान से जुड़े प्रत्येक सहयोगी को जाता है। इन सभी के अथक प्रयासों से जयपुर का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। महापौर ने सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए हार्दिक अभिनंदन किया।
महापौर ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि संस्कार और सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि उनका संकल्प जयपुर के प्रत्येक वार्ड, गली और मोहल्ले में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही आधुनिक कचरा प्रबंधन, स्वच्छ वातावरण, बेहतर नागरिक सुविधाओं और जनसहभागिता को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जयपुर की पहचान केवल ऐतिहासिक विरासत और खूबसूरत स्थापत्य तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि स्वच्छता, सुंदरता और नागरिक अनुशासन के क्षेत्र में भी शहर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाए, यही लक्ष्य है।
महापौर ने स्पष्ट किया कि यह सम्मान मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने जयपुरवासियों से गुलाबी नगरी को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से जयपुर जल्द ही स्वच्छता के मामले में देश के अन्य शहरों के मुकाबले अग्रिम पंक्ति में खड़ा होकर सर्वश्रेष्ठ शहर बनेगा।
इस अवसर पर उन्होंने जयपुरवासियों के लिए संकल्प का संदेश देते हुए कहा, "म्हारो जैपुर प्यारो जयपुर, आपां सब मिल इनै बनावां न्यारो जयपुर।"
महापौर सुनील कोठारी ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में जयपुर की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए समस्त जयपुरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और जय हिन्द के उद्घोष के साथ सभी के योगदान का अभिनंदन किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
