मुख्य सचिव वी. निवास ने किया जयपुर परकोटे का निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
jaipur-walled-city-inspection-chief-secretary-v-niwas-heritage-conservation

जयपुर। गुलाबी नगरी की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और यूनेस्को वल्र्ड हैरिटेज सिटी के गौरवशाली टैग को अक्षुण्ण बनाए रखने के संकल्प के साथ मुख्य सचिव श्री वी.निवास ने मंगलवार को जयपुर परकोटे का विस्तृत निरीक्षण किया। नगर निगम जयपुर (पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी) के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य सचिव ने विरासत स्थलों के संवर्धन, संरक्षण और सौन्दर्यकरण के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को धरातल पर मिशन मोड में कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने परकोटे की संकरी गलियों में पैदल भ्रमण कर ऐतिहासिक इमारतों की वर्तमान स्थिति का सूक्ष्मता से अवलोकन किया।
मुख्य सचिव के इस महत्वपूर्ण दौरे की शुरुआत नाटाणियों की हवेली से हुई, जहाँ उन्होंने वर्तमान में संचालित कोतवाली थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां वर्षो पुराने संधारित अभिलेखों को देखा और जर्जर हो चुकी इमारत के तत्काल संरक्षण हेतु संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात वे खजाने वालों का रास्ता पहुंचे, जहाँ उन्होंने खजाने वालों की हवेली और जैमिनी बिल्डिंग की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की जानकारी लेते हुए इनके संरक्षण के आदेश दिए। मुख्य सचिव ने मणिहारों का रास्ता स्थित दिगम्बर जैन मंदिर, सांगो का रास्ता स्थित राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट और हैरिटेज वॉक-वे का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शासन सचिव श्री रवि जैन, संभागीय आयुक्त श्री वे. सरवण कुमार, नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी, उपायुक्त (स्वास्थ्य) श्री मृणाल कुमार, अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल और एटीपी आकाश कुमावत सहित जिला प्रशासन व निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के उपरांत मुख्य सचिव ने नगर निगम मुख्यालय के ई.सी. मीटिंग हॉल में अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में जोन उपायुक्तों से उनके कार्यों का फीडबैक लिया गया और हैरिटेज सेल द्वारा प्रस्तुत पीपीटी के माध्यम से अब तक हुए संरक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने जयपुर को हमारी समृद्ध संस्कृति का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि इसकी पहचान बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देशित किया कि हैरिटेज क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से फैली केबलों को तुरंत हटाया जाए, खराब लाइटों को ठीक किया जाए और फसाड लाइटिंग को सुव्यवस्थित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्पेशल एरिया हैरिटेज प्लान का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करने तथा हैरिटेज सेल को अधिक सक्रिय, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष बल दिया ताकि जयपुर का वैश्विक विरासत स्वरूप सुरक्षित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
