जयपुर में स्वैच्छिक रक्तदान अभियान शुरू, कलक्टर संदेश नायक ने दिया रक्त
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक चलेगा शिविर, 1 अक्टूबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस।

जयपुर में रक्तदान शिविर के दौरान बेड पर लेटे जिला कलक्टर संदेश नायक और मौजूद चिकित्सा अधिकारी।
जयपुर प्रथम में विकसित भारत जन सेवा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक स्वैच्छिक रक्तदान अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान रक्तदान शिविरों के साथ विभिन्न जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इस वर्ष राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस की थीम “One Drop of Humanity- Give Blood- Save Lives” रखी गई है।
अभियान के तहत जिला कलक्टर संदेश नायक ने किशनपोल स्थित राजकीय सैटेलाइट किशनपोल चिकित्सालय में रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इस पुण्य कार्य में दिया गया योगदान किसी जरूरतमंद को जीवनदान दे सकता है। उन्होंने मानव जाति के हित में सभी से अपील की कि वे वर्ष में 2 बार अवश्य रक्तदान करें।
किशनपोल स्थित राजकीय सैटेलाइट किशनपोल चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान के दौरान 62 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य संस्थाओं को मिलाकर जिले में कुल 567 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
जिला कलक्टर ने बताया कि ब्लॉक एवं जिला स्तर पर स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य हितधारकों की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप-जिला अस्पतालों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज सम्बद्ध ब्लड सेंटर एवं अन्य ब्लड सेंटर पर रक्त समूह जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदाता के रूप में पंजीकरण तथा नियमित रक्तदान के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस 1 अक्टूबर, 2026 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों, चिकित्सा संस्थानों तथा ब्लड सेंटरों में उपयुक्त गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विशेष रूप से युवाओं, प्रथम बार रक्तदान करने वाले व्यक्तियों एवं सामुदायिक संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान संभागीय आयुक्त जयपुर वे. सरवण कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेंद्र सिंह, सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत, ऑलम्पियन गोपाल सैनी सहित अन्य चिकित्सक, मेडिकल एवं नर्सिंग स्टॉफ तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

