जयपुर में सूचना केंद्र परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी ‘12 वर्ष: विश्वास, विकास और जनकल्याण के’ का रविवार को गरिमामय समापन हुआ। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं और पिछले 12 वर्षों के विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी ने अपने अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में आगंतुकों को आकर्षित किया। प्रदर्शनी में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी नीतियों व उपलब्धियों का बारीकी से अवलोकन किया।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा 12 से 14 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी में विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को आकर्षक डिजाइनों, छायाचित्रों और सूचनापरक सामग्री के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया था। उप निदेशक (सूचना एवं जनसंपर्क) हेमन्त सिंह ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं व विद्यार्थियों को शासन की नीतियों से रूबरू कराना था। प्रदर्शनी में मौजूद सूचना सामग्री के जरिए विकास के विभिन्न आयामों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया, जिसकी आगंतुकों ने सराहना की। यह आयोजन न केवल सूचना के प्रसार का माध्यम बना, बल्कि शासन और जनसामान्य के बीच संवाद की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में भी स्थापित हुआ।

Next Story