जयपुर में वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान का शुभारंभ आज
ऐतिहासिक गलता तीर्थ से शुरू हो रहा यह अभियान 5 जून तक चलेगा, जिसका उद्देश्य वर्षा जल संचयन और पर्यावरण सुरक्षा को जन आंदोलन बनाना है।

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार की जल एवं पर्यावरण संरक्षण नीति को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी "वंदे गंगा जल संरक्षण–जन अभियान" का शंखनाद किया गया है। इसी कड़ी में जयपुर जिले में इस महाभियान को गति देने के लिए सोमवार को शाम 4:00 बजे ऐतिहासिक श्री गलता तीर्थ पर भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह अभियान 25 मई से 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस तक अनवरत चलेगा, जिसका मुख्य लक्ष्य वर्षा जल संरक्षण और जल स्रोतों की स्वच्छता को एक व्यापक जन आंदोलन के रूप में स्थापित करना है।
जिला कलेक्टर श्री संदेश नायक ने इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान जिले की समस्त 06 पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली 168 ग्राम पंचायतों के प्रत्येक गांव में व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इन गतिविधियों में जल पूजन, दीप प्रज्वलन, श्रमदान, व्यापक पौधारोपण, जल स्रोतों की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, और जल संग्रहण इकाइयों एवं नालों की विशेष सफाई शामिल है।
प्रशासन ने इस पुनीत कार्य में आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और औद्योगिक इकाइयों से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। इस आयोजन के दौरान उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण और जल संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी, ताकि 'स्वच्छ एवं हरित राजस्थान' के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाकर इसे एक सशक्त जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
