जयपुर नगर निगम के शहरी सेवा शिविर-2026 में पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण और विभिन्न प्रकरणों का त्वरित निस्तारण हुआ, मंगलवार को मालवीय नगर में लगेगा शिविर।

जयपुर नगर निगम द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर-2026” के तहत सोमवार को आदर्श नगर जोन कार्यालय, सेक्टर-4, जवाहर नगर में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की विभिन्न समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। मंगलवार को मालवीय नगर जोन कार्यालय, गैराज परिसर, लालकोठी में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा।

नगर निगम के अनुसार, झोटवाड़ा/वैषाली नगर जोन में आयोजित शिविर के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के 14 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा भूखण्डों के उप-विभाजन से संबंधित 3 प्रकरणों का भी मौके पर समाधान किया गया, जिससे आमजन को तत्काल राहत मिली।

आदर्श नगर जोन में आयोजित शिविर के दौरान आगरा रोड निवासी भगवान सिंह ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया। आवेदन जमा करने के कुछ ही समय बाद नगर निगम ने उनके आवेदन को स्वीकार करते हुए पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कर चेक प्रदान किया। भगवान सिंह ने बताया कि वह इस राशि का उपयोग अपने बेल्ट और पर्स के छोटे कारोबार का विस्तार करने में करेंगे, जिससे उनकी आय बढ़ेगी, वे आत्मनिर्भर बनेंगे और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री और नगर निगम प्रशासन का तहे दिल से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

इसी शिविर में आदर्श नगर निवासी प्रकाश गुरुवाणी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत 50 हजार रुपये के ऋण के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही समय बाद नगर निगम ने उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कर चेक प्रदान किया। प्रकाश गुरुवाणी ने बताया कि वह ऋण से प्राप्त राशि का उपयोग अपने सब्जी व्यवसाय के विस्तार में करेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। उन्होंने कार्य के कम समय में पूर्ण होने और नगर निगम के सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन तथा माननीय मुख्यमंत्री का तहे दिल से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

नगर निगम ने बताया कि शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत मंगलवार को मालवीय नगर जोन कार्यालय, गैराज परिसर, लालकोठी में शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां विभिन्न नागरिक सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story