जयपुर में नगर निगम द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर-2026” के तहत आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का त्वरित लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को विद्याधर नगर जोन कार्यालय, अम्बाबाड़ी सर्किल में शिविर का आयोजन किया गया, जबकि शुक्रवार को मालवीय नगर जोन कार्यालय, गैराज परिसर लालकोठी में शिविर आयोजित किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर उन्हें विभिन्न सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिविरों में आमजन की सुविधा के लिए बिजली, पानी, बैठने की समुचित व्यवस्था, छाया तथा हेल्प डेस्क की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी आवेदक को असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविरों में प्राप्त लंबित प्रकरणों, आवेदन पत्रों एवं सुझावों का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।

विद्याधर नगर शिविर में एक उल्लेखनीय सफलता की कहानी भी सामने आई, जहां स्थानीय निवासी श्री दिलीप सिंह शेखावत ने अपने मकान के पट्टे में संशोधन के लिए आवेदन किया। आवेदन के कुछ ही समय में नगर निगम द्वारा उनका कार्य पूर्ण करते हुए संशोधित पट्टा जारी कर दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई पर उन्होंने नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया और शिविर व्यवस्था को अत्यंत लाभकारी बताया।

शिविर में नागरिक सेवाओं के अंतर्गत जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित 57 आवेदनों का निस्तारण करते हुए सभी के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 12 मामलों का समाधान किया गया तथा नाम हस्तांतरण के 2 प्रकरणों का भी मौके पर निस्तारण किया गया।

आगामी शिविर शुक्रवार को मालवीय नगर जोन में आयोजित होगा, जिसमें नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। नगर निगम द्वारा संचालित इस अभियान के तहत शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था सुधारने, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू करने, निराश्रित पशुओं को पकड़ने, सड़क मरम्मत एवं पेचवर्क कार्यों, नालों एवं सीवर लाइन की मरम्मत, विभिन्न प्रकार के पट्टों एवं नामांतरण प्रकरणों के निस्तारण, यूडी टैक्स संग्रहण, पीएम स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों का प्रोफाइलिंग कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने तथा विभिन्न प्रमाण पत्र एवं एनओसी जारी करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों और डिवाइडरों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इन शिविरों के माध्यम से नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को एकीकृत सेवा सुविधा प्रदान करते हुए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और तेज बनाना है, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष रूप से राहत मिल सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story