नगर निगम जयपुर द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर 2026” के तहत बुधवार को मानसरोवर और विद्याधर नगर जोन में शिविर आयोजित किए गए, जबकि गुरुवार को जगतपुरा/झालाना जोन में जगतपुरा जोन कार्यालय, नन्दपुरी अण्डरपास में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। बुधवार को मानसरोवर जोन कार्यालय, सेक्टर-9, गोखले मार्ग, शिप्रा पथ रोड, मानसरोवर तथा विद्याधर नगर जोन कार्यालय, अम्बाबाड़ी सर्किल में आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान डीएलबी निदेशक श्री जुईकर प्रतीक चंद्रशेखर ने नगर निगम जयपुर के विद्याधर नगर जोन में संचालित शहरी सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा लाभार्थियों को पट्टे और पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले सभी नागरिकों को यथासंभव शिविर स्थल पर ही प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। इसके बाद उन्होंने चौमू नगर परिषद में संचालित शहरी सेवा शिविर का भी औचक निरीक्षण किया, जहां आमजन से संवाद करते हुए लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत चेक वितरित किए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त को राज्य सरकार द्वारा अभियान अवधि में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं दी जा रही छूटों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने, अन्य विभागों के काउंटरों पर समस्त स्टाफ की उपस्थिति बनाए रखने, लंबित पट्टा आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा ऑनलाइन पोर्टल पर लाभार्थियों की सूचना एवं दैनिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए। मौके पर उपस्थित लाभार्थियों को पट्टे और पीएम स्वनिधि योजना के चेक भी प्रदान किए गए।

विद्याधर नगर जोन में आयोजित शिविर के दौरान जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 150 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। नगरीय विकास कर के 8 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे के 6 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा नाम हस्तांतरण के 6 प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया। वहीं मानसरोवर जोन में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 56 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए तथा पीएम स्वनिधि योजना के 5 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान मानसरोवर के स्थानीय निवासी श्री आकाश कुमार अग्रवाल ने अपने भूखंड संख्या 40/43 एवं 40/44 की भवन निर्माण स्वीकृति के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के कुछ ही समय बाद नगर निगम ने शहरी सेवा शिविर में उन्हें भवन निर्माण स्वीकृति पत्र प्रदान कर दिया। श्री आकाश कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस कार्य में नगर निगम की ओर से उन्हें पूर्ण सहयोग मिला, जिससे उनका कार्य त्वरित गति से पूरा हो सका। उन्होंने कार्य पूर्ण होने पर राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।

इसी प्रकार विद्याधर नगर जोन के स्थानीय निवासी श्री भागीरथ सोनी ने अपने मकान के पट्टे के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन जमा होने के कुछ समय बाद ही नगर निगम प्रशासन ने शहरी सेवा शिविर में उन्हें उनके मकान का पट्टा उपलब्ध करा दिया। श्री भागीरथ सोनी ने बताया कि पट्टा प्राप्त करने की प्रक्रिया में नगर निगम ने उन्हें पूरा सहयोग दिया और बहुत कम समय में उनका कार्य पूरा कर दिया। उन्होंने कार्य पूर्ण होने पर नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार का तहेदिल से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

नगर निगम ने जानकारी दी कि गुरुवार को जगतपुरा/झालाना जोन के अंतर्गत जगतपुरा जोन कार्यालय, नन्दपुरी अण्डरपास में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story