नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में तेजी, आचार संहिता की सख्ती से पालना के निर्देश
जयपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा हुई। आचार संहिता, मतदान केन्द्रों और ईवीएम व्यवस्था पर निर्देश दिए गए।

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूरा करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित ईआरओ, एईआरओ सहित अन्य अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपादित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूचियों की शुद्धता और अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। साथ ही मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन तथा वहां आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक मतदान केन्द्रों की स्थापना, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों की पहचान, आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद निर्धारित समयावधि में सूचनाएं उपलब्ध करवाने तथा प्रशिक्षण एवं स्ट्रॉंग रूम के लिए स्थल चयन से संबंधित तैयारियों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर पालिका चुनाव के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के संग्रहण एवं मतगणना स्थल के चयन, नाम निर्देशन प्राप्ति स्थल पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, नाम निर्देशन से संबंधित स्टेशनरी तथा लोक सूचना नोटिस जारी करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के परिवहन एवं सीलिंग की तैयारियों, पीडब्ल्युडी (दिव्यांग) मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और सभी आवश्यक गतिविधियों की वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पम्पलेट एवं पोस्टर मुद्रण, वाहन एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों और अन्य अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय में पूरे करने तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर उत्तर राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
