जयपुर नगरीय निकाय चुनाव 2026 में निष्पक्षता पर जोर, संवेदनशील बूथों पर रहेगी विशेष निगरानी
जयपुर में नगरीय निकाय चुनाव 2026 की तैयारियां तेज, 690 वार्डों के लिए मतदान दो चरणों में होगा और संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रहेगी।

तस्वीर में जयपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित नगरीय निकाय चुनाव की बैठक में अधिकारी नजर आ रहे हैं।
जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को पूर्ण निष्पक्षता, निर्भीकता और स्वतंत्रता के साथ संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनुपालना में जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिस्पिल) संदेश नायक की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी वार्डों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों और संबंधित पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनावी प्रक्रिया को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाए रखने के साथ संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जयपुर जिले की 1 नगर निगम, 2 नगर परिषद सहित 19 नगरीय निकायों के कुल 690 वार्डों के चुनावों को पूर्ण निष्पक्षता, निर्भीकता और स्वतंत्रता के साथ संपन्न कराना सभी का नैतिक कर्तव्य है।
उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को चुनावों के लिए लोकसूचना जारी होगी। 31 अगस्त 2026 संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के यहां नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि निर्धारित है। मतदान दो चरणों में होगा। प्रथम चरण में 9 सितंबर 2026, बुधवार को नगर पालिकाओं एवं नगर परिषद में मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों और उनके समकक्ष पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने बूथों का मौका देखने तथा चुनाव से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनावों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां माकूल कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव को पूर्ण निर्भीकता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए असामाजिक तत्वों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चुनाव के दौरान मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के परिवहन को रोकने के लिए क्षेत्रीय परिवहन, पुलिस एवं आबकारी अधिकारियों को संयुक्त रूप से चेकपोस्ट स्थापित कर वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अनुज्ञापत्र धारियों के शस्त्र थानों में शीघ्र जमा कराने की कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिए गए।
उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को साप्ताहिक कानून एवं व्यवस्था रिपोर्ट नियमित रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा, पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों के 690 वार्डों में होने वाले चुनावों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया है, ताकि मतदान प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निष्पक्ष, निर्भीक और स्वतंत्र रूप से संपन्न हो सके।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
