जयपुर में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर 544 चालान किए। 20 और 21 अगस्त को जयपुर के पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और उत्तर जोन में विशेष टीमें तैनात कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 20 अगस्त को रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के 283 चालान किए गए, जबकि 21 अगस्त को 261 चालान जारी हुए। इस तरह दो दिनों में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले कुल 544 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 20 और 21 अगस्त को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 7,134 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इनमें विओसी ऐप से फोटो खींचकर 798 चालान, पीओएस मशीन से 2,633 चालान, आईटीएमएस ऑनलाइन चालान से 1,135 चालान तथा इंटरसेप्टर/स्पीड गन के माध्यम से 2,568 चालान शामिल हैं। कुल कार्रवाई में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के 544 चालान भी शामिल हैं।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन रॉन्ग साइड में नहीं चलाएं। पुलिस के अनुसार यह गंभीर यातायात उल्लंघन है और इससे घातक सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सही दिशा में चलें और सुरक्षित घर लौटें। उन्होंने कहा, “शॉर्टकट से बची हुई दूरी, जिंदगी से ज्यादा जरूरी नहीं है।”

इसी क्रम में यातायात पुलिस जयपुर की ओर से रामबाग सर्किल पर आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जैन सोशल कैपिटल ग्रुप के सहयोग से आयोजित अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना रहा।

अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दक्षिण एवं नोडल अधिकारी कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सुनीता मीना ने पुलिस अधिकारियों और ग्रुप के सदस्यों के साथ सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए समझाइश की। वाहन चालकों को बताया गया कि यातायात नियम केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं।

इस दौरान दुपहिया वाहन चालकों को मानक हेलमेट पहनने, चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया। वाहन चालकों को रेड लाइट का उल्लंघन नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी समझाइश दी गई।

जयपुर यातायात पुलिस की कार्रवाई और जागरूकता अभियान का केंद्र रॉन्ग साइड ड्राइविंग समेत यातायात नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाना और सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना रहा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story