जयपुर ट्रैफिक पुलिस को मिले 100 स्मार्ट बेरिकैड, सौर ऊर्जा से होंगे संचालित
आई आई एफ एल फाउंडेशन की ओर से दिए गए अत्याधुनिक बेरिकैड में लगे हैं एलईडी डिस्प्ले और फ्लैश लाइट्स, रात के समय प्रसारित करेंगे सड़क सुरक्षा संदेश।

जयपुर के यादगार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खड़े पुलिस अधिकारी और आई आई एफ एल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, जहां पृष्ठभूमि में 'यातायात पुलिस जयपुर' और 'IIFL FOUNDATION' लिखे बोर्ड के साथ एलईडी डिस्प्ले वाला स्मार्ट बेरिकैड दिखाई दे रहा है।
जयपुर ट्रैफिक पुलिस को सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आई आई एफ एल फाउंडेशन की ओर से 100 आधुनिक बेरिकैड उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें 10 बेरिकैड सौर ऊर्जा से संचालित हैं। एलईडी डिस्प्ले, हाई-विजिबिलिटी फ्लैश लाइट्स और रिफ्लेक्टिव सेफ्टी फीचर्स से लैस ये राजस्थान के पहले ऐसे स्मार्ट बेरिकैड हैं, जिनके माध्यम से सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश लगातार प्रसारित किए जा सकेंगे।
अजमेरी गेट स्थित यादगार में आयोजित कार्यक्रम में आई आई एफ एल फाउंडेशन की डायरेक्टर मधु जैन ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस पश्चिम समीर दुबे, यातायात पुलिस उत्तर हरिप्रसाद सोमानी तथा यातायात पुलिस दक्षिण रानू शर्मा को ये बेरिकैड सौंपे। इन स्मार्ट बेरिकैड के माध्यम से रात के समय हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं, गति सीमा का पालन करें तथा यातायात नियमों का सम्मान करें जैसे महत्वपूर्ण सड़क सुरक्षा संदेश निरंतर प्रदर्शित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि इन अत्याधुनिक बेरिकैड का निर्माण तुषार भार्गव और उमंग भार्गव की कंपनी पैन इंडिया सलूशन ने किया है।
कार्यक्रम के दौरान आई आई एफ एल फाउंडेशन की डायरेक्टर मधु जैन ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल यातायात प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में सुरक्षित और जिम्मेदार सड़क व्यवहार को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि ये केवल लोहे के ढांचे नहीं, बल्कि सड़कों पर सुरक्षा के प्रहरी हैं। ये पुलिस प्रशासन को यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहायता करेंगे तथा विशेष रूप से रात के समय लोगों की सुरक्षा को और मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी हर मौसम, हर परिस्थिति और हर चुनौती में नागरिकों की सुरक्षा के लिए डटे रहते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना फाउंडेशन की एक छोटी-सी पहल है, जिससे वे अपने दायित्व का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें। उन्होंने नागरिकों से भी सड़क सुरक्षा को केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं मानने, यातायात नियमों का पालन करने, वाहन की गति नियंत्रित रखने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
राजस्थान में पहली बार एलईडी डिस्प्ले, हाई-विजिबिलिटी फ्लैश लाइट्स, रिफ्लेक्टिव सेफ्टी फीचर्स और सौर ऊर्जा से संचालित स्मार्ट बेरिकैड की शुरुआत सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे यातायात प्रबंधन को तकनीकी मजबूती मिलने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
