जयपुर मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्रवाई: 35 वाहन चालकों पर शिकंजा, 7 वाहन जब्त, ओवरलोड बस पर ₹4,000 जुर्माना
जयपुर में मोबाइल कोर्ट के विशेष अभियान के दौरान 35 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई, 7 वाहन जब्त किए गए और ओवरलोड बस पर ₹4,000 का जुर्माना लगाया गया।

तस्वीर में दिल्ली रोड पर सड़क किनारे खड़े पुलिस कर्मी और अधिकारी वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जयपुर मेट्रो-II के मोबाइल मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-13 श्री विजय कुमार सिरोहीवाल के निर्देशन में दिल्ली रोड स्थित सड़वा मोड़ क्षेत्र में विशेष यातायात जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अभियोजन अधिकारी श्री दिनेश लोहिया ने बताया कि अभियान के दौरान दोपहिया वाहन, कार, बस, ट्रक, ट्रैक्टर एवं टैक्सी सहित सभी प्रकार के वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 35 वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर 7 वाहनों को धारा 207 के तहत जब्त किया गया, जबकि 11 मामलों का मौके पर ही अपराध स्वीकार किए जाने पर निस्तारित कर दिया गया।
जांच के दौरान एक थार जीप का बीमा समाप्त पाया गया तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं होने पर उसे जब्त कर लिया गया। इसी प्रकार मोटरसाइकिल संख्या RJ14 36M 3500 का पंजीकरण समाप्त होने के कारण उसे भी जब्त किया गया। वहीं बस संख्या RJ32 PA 3907 में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन करते पाए जाने पर वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹4,000 का जुर्माना लगाया गया।
अभियोजन अधिकारी श्री दिनेश लोहिया ने कहा कि सड़क पर आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध न्यायालय की ओर से लगातार प्रभावी और कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी बिना किसी रियायत के नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जयपुर मेट्रो-II मोबाइल कोर्ट द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे विशेष जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं, ताकि सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाया जा सके तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों में अनुशासन और जागरूकता बढ़े।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
