जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर आगामी 28 फरवरी और 1 मार्च को एक ऐसे ऐतिहासिक घटनाक्रम की साक्षी बनने जा रही है, जो भारतीय स्वास्थ्य सेवा के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा। भारत का सबसे प्रतिष्ठित पब्लिक हेल्थ केयर प्लेटफॉर्म, ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल (GHWF), अपने 5वें संस्करण के साथ बिड़ला ऑडिटोरियम में दस्तक दे रहा है। "लोकल टू ग्लोबल" की महत्वाकांक्षी थीम पर आधारित यह महाकुंभ न केवल चिकित्सा जगत के नए मापदंड स्थापित करेगा, बल्कि जयपुर को वैश्विक स्वास्थ्य मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने के लिए तैयार है।

इस भव्य आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए जीएचडब्लूएफ के फाउंडर और सीईओ हिम्मत सिंह ने बताया कि यह आयोजन जयपुर के लिए एक युगांतरकारी क्षण है। पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के विख्यात डॉक्टर और स्वास्थ्य विशेषज्ञ एक साझा मंच पर एकत्रित हो रहे हैं। हिम्मत सिंह के अनुसार, यह महोत्सव भारतीय और वैश्विक चिकित्सा पद्धतियों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान का एक सेतु बनेगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक प्रदर्शन मिलेगा। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें पांच अलग-अलग श्रेणियों में विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

रिकॉर्ड की इस श्रृंखला में 'इंश्योर इंडिया कॉन्क्लेव' के तहत देशभर के 3,000 से अधिक बीमा सलाहकार जुटेंगे, तो वहीं 'हार्ट्स एंड माइंड्स कॉन्क्लेव' के जरिए अंगदान के प्रति जन-जागरूकता की एक नई लहर पैदा की जाएगी। कॉर्पोरेट जगत के लिए भी यह मंच विशेष होगा, जहां 100 से अधिक कॉर्पोरेट घराने वर्क-लाइफ बैलेंस और बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) ट्रेनिंग में शिरकत करेंगे। बुजुर्गों के सम्मान में आयोजित एक विशेष सत्र में 'हेल्दी एजिंग' पर चर्चा होगी, जिसे वरिष्ठ नागरिकों का अब तक का सबसे बड़ा जमावड़ा माना जा रहा है। इसके साथ ही 'शक्ति संवाद' के माध्यम से 1,000 से अधिक महिलाएं स्त्री रोग स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर मंथन कर पांचवां विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करेंगी।

जीएचडब्लूएफ के को-फाउंडर भूपेंद्र सिंह ने आयोजन की व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस वर्ष 15,000 से अधिक प्रतिभागियों के आने की संभावना है। खेल और स्वास्थ्य के सामंजस्य को दर्शाने के लिए यहां एक 'ओपन चेस लीग' और समर्पित 'स्पोर्ट्स एंड वेलनेस एरिना' का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 200 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। को-फाउंडर आर.के. व्यास और अजय शर्मा ने साझा किया कि हालांकि प्राथमिक फोकस चिकित्सा पर है, किंतु वेलनेस और स्पोर्ट्स को शामिल करना फेस्टिवल के दीर्घकालिक दृष्टिकोण का हिस्सा है। इस दो दिवसीय उत्सव का समापन बॉलीवुड अभिनेत्री मिनिषा लांबा की गरिमामयी उपस्थिति में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जबकि एमडी रॉकस्टार की संगीतमय प्रस्तुति इस ऐतिहासिक समागम को एक उत्सव का रूप प्रदान करेगी। यह आयोजन केवल एक सम्मेलन मात्र नहीं, बल्कि जयपुर को 'लोकल से ग्लोबल' बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story