जयपुर में शनिवार शाम तीज के लोकगीतों और जयकारों के बीच तीज माता की शाही सवारी ने नगर भ्रमण किया। सिटी पैलेस की जनानी ड्योढ़ी में पूर्व राजपरिवार की महिला सदस्यों ने तीज माता की पूजा-अर्चना की। इसके बाद तीज माता की पालकी शाही लवाजमे के साथ त्रिपोलिया गेट पहुंची, जहां जयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य पद्मनाभ सिंह ने तीज माता की आरती की। आरती के बाद शाही सवारी नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई तो त्रिपोलिया गेट से छोटी चौपड़ और गणगौरी बाजार तक जयपुर की ऐतिहासिक गलियां लोकगीतों, वाद्ययंत्रों और जयकारों से गूंज उठीं।

इस बार जयपुर की तीज का उत्सव परकोटे तक सीमित नहीं रहा। राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) के डिजिटल माध्यम से उत्तर अमेरिका में बसे प्रवासी राजस्थानियों तक शाही सवारी का लाइव प्रसारण पहुंचा। जयपुर में भी 13 प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर लोगों को सवारी के लाइव दर्शन कराए गए।

पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, तीज माता की शाही सवारी जयपुर की जीवंत सांस्कृतिक परंपरा है, जिसमें आस्था के साथ लोककला, संगीत, शौर्य और राजसी विरासत एक साथ दिखाई देती है। इस बार आयोजन को डिजिटल माध्यम से व्यापक दर्शक वर्ग से जोड़ने का प्रयास किया गया।

सवारी के आगे बढ़ने के साथ तीज के पारंपरिक लोकगीतों की स्वर लहरियां वातावरण में गूंजती रहीं। कच्ची घोड़ी, कालबेलिया, चरी और घूमर, चंग-ढप, मांगणियार गायन, भपंग, रावणहत्था, कठपुतली और बहुरूपिया जैसी लोक विधाओं ने राजस्थान के अलग-अलग अंचलों की सांस्कृतिक पहचान को सामने रखा। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए करीब 175 लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। घोड़ों और ऊंटों से सजे शाही लवाजमे ने सवारी की राजसी छटा को और भव्य बनाया।

शौर्य सेवा संगठन की बालिकाओं ने सवारी के दौरान तलवारबाजी का प्रदर्शन किया। पारंपरिक तीज उत्सव के बीच बालिकाओं का यह प्रदर्शन राजस्थान की वीर परंपरा और महिला शक्ति का प्रतीक बना। आस्था और उत्सव के साथ शाही सवारी में शौर्य का रंग भी दिखाई दिया।

सवारी छोटी चौपड़ पहुंची, जहां तीज माता की महाआरती हुई। जेल बैंड और आरएसी बैंड की प्रस्तुतियों ने वातावरण को और आकर्षक बनाया। जयपुर व्यापार महासंघ की ओर से तीज माता पर पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद शाही सवारी गणगौरी बाजार होते हुए तालकटोरा स्थित पौंड्रिक पार्क पहुंची, जहां कला मेले और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उत्सव को आगे बढ़ाया।

अजमेरी गेट, न्यू गेट, सरावगी मेंशन, मोती डूंगरी, त्रिमूर्ति सर्किल, रामबाग सर्किल, एसएमएस स्टेडियम, महाराजा कॉलेज, बिरला मंदिर, राजस्थान विश्वविद्यालय, राजस्थान कॉलेज, ओटीएस चौराहा और जवाहर सर्किल स्थित पत्रिका गेट पर एलईडी स्क्रीन के जरिए शाही सवारी का लाइव प्रसारण किया गया। इससे परकोटे से दूर रहने वाले जयपुरवासियों को भी तीज माता के दर्शन और शाही सवारी देखने का अवसर मिला।

राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) के माध्यम से उत्तर अमेरिका में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों ने भी जयपुर की तीज सवारी का लाइव प्रसारण देखा। राजस्थान की संस्कृति और विरासत से प्रवासी समुदाय को जोड़ने वाली संस्था के डिजिटल माध्यम से जयपुर की यह परंपरा समुद्र पार तक पहुंची।

पर्यटन विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी शाही सवारी की लाइव स्ट्रीमिंग की गई। दिल्ली से आए सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने जयपुर में तीज उत्सव का अनुभव किया और इसकी झलकियां अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए साझा कीं।

शाही सवारी के दौरान ड्रोन से पुष्पवर्षा भी की गई। सवारी के मार्ग में महल-अटारियों, झरोखों और हवेलियों से तीज माता की पालकी देखने के लिए लोग उमड़ते रहे। देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए भी सवारी देखने की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

उपेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, तीज जयपुर की ऐसी परंपरा है जो पीढ़ियों से आस्था और लोकजीवन को जोड़ती आई है। इस बार इसके साथ डिजिटल माध्यम जुड़ने से जयपुर की यह सांस्कृतिक विरासत देश के साथ-साथ विदेशों में बसे राजस्थानियों तक भी पहुंची। लोकगीतों की धुन, शाही लवाजमे की भव्यता और तीज माता के जयकारों के बीच निकली सवारी ने जयपुर की उस सांस्कृतिक पहचान को फिर जीवंत किया, जिसमें परंपरा समय के साथ चलती है, लेकिन अपना मूल रंग नहीं छोड़ती।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story