जयपुर में सदगुरु टेऊँराम चालिहा महोत्सव, 140 बच्चों की चित्रकला व 540 किट वितरण
जयपुर में चालिहा महोत्सव के तहत 140 बच्चों ने चित्रकला, 540 परिवारों को राशन, पदयात्रा व भव्य धार्मिक आयोजन में भक्तों का उत्साह देखने को मिला।

तस्वीर में जयपुर स्थित श्री अमरापुर स्थान में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चे स्वामी टेऊँराम महाराज का चित्र बनाते हुए दिख रहे हैं।
जयपुर में प्रेम प्रकाश मंडलाचार्य आचार्य श्री सतगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के पावन चालिहा महोत्सव, आगामी 19 जुलाई को होने वाले 140वें पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को विविध धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में सतगुरु स्वामी चित्र बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 5 वर्ष से 25 वर्ष (बाल एवं युवा वर्ग) के 140 बच्चों ने भाग लिया। प्रातः 10 बजे से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में नौनिहालों ने श्रद्धा भाव से गुरु चरणों में प्रणाम कर चित्रों के माध्यम से सदगुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के दिव्य स्वरूप को उकेरा। बच्चों द्वारा बनाए गए मनमोहक चित्रों ने सभी को आकर्षित किया।
कार्यक्रम के तहत सेवा संकल्प कार्य के अंतर्गत प्रेम प्रकाश सेवा मंडली श्री अमरापुर स्थान द्वारा 540 निर्धन परिवारों को मासिक दीन बंधु सेवा के तहत राशन किट वितरित किए गए। इन किटों में दैनिक उपयोग की उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के साथ फल, मिष्ठान और भेंट भी शामिल रही।
चालिहा महोत्सव के उपलक्ष्य में भक्तों की आस्था और उत्साह के चलते विभिन्न आध्यात्मिक प्रतियोगिताओं एवं झांकियों का आयोजन भी किया जा रहा है। इसी क्रम में “सुराई सजाओ प्रतियोगिता” भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों द्वारा सुंदर सुराई सजाने पर आगामी शनिवार को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
आगामी सोमवार 6 जुलाई को अंग्रेजी तारीख अनुसार आचार्य श्री का पावन जन्मोत्सव भक्ति भाव से मनाया जाएगा, जिसमें विशेष आयोजन के तहत भव्य “झूला झांकी” में आचार्य श्री के दर्शन का लाभ भक्तों को मिलेगा। इस अवसर पर गीता जी के 15वें अध्याय को कंठस्थ सुनाने वाले बच्चों को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में खीर प्रसादी का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा तथा बधाई गीत, शहनाई वादन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे।
इसी क्रम में मानसरोवर से श्री श्री अमरापुर स्थान तक विशाल पदयात्रा भी निकाली गई। प्रातः 4 बजे 140 से अधिक भक्तों ने नाचते-गाते, स्वामी टेऊँराम महाराज के जयकारों के साथ विभिन्न मार्गों से होते हुए पदयात्रा प्रारंभ की और सुबह 8 बजे श्री अमरापुर स्थान पहुंचे। संतों ने सभी भक्तों को इस सफल आयोजन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव का संगम देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
