जयपुर के वार्ड 135 में महापौर सुनील कोठारी ने किया स्वच्छता अभियान का निरीक्षण, खुद किया श्रमदान
जयपुर के हवामहल-आमेर जोन के वार्ड 135 में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत महापौर सुनील कोठारी ने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और श्रमदान किया।

जयपुर के वार्ड 135 में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बैनर पकड़े महापौर सुनील कोठारी, पार्षद विमल अग्रवाल और नगर निगम के अधिकारी व स्थानीय नागरिक।
जयपुर के हवामहल–आमेर जोन के वार्ड 135 में स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए नगर निगम की ओर से संचालित विशेष सफाई अभियान का महापौर सुनील कोठारी ने निरीक्षण किया। ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ और ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस अभियान के दौरान महापौर ने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर सुनील कोठारी ने पार्षद विमल अग्रवाल, जोन उपायुक्त, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सतपाल टोपिया, जितेंद्र, स्वास्थ्य निरीक्षक सुरेन्द्र, सुनील गुर्जर, जोन XEN, जोन JEN, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और आमजन से संवाद किया। इस दौरान स्वच्छता अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों और नागरिकों की भागीदारी पर चर्चा हुई।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित समय पर नगर निगम की कचरा संग्रहण गाड़ियों में ही डालें और सड़कों पर कचरा फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर जयपुर के निर्माण के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से ही शहर में स्वच्छता बनाए रखने के प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान महापौर सुनील कोठारी ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। पार्षद विमल अग्रवाल, जोन उपायुक्त, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं ने भी सफाई कार्य में सहयोग किया। वार्ड 135 में आयोजित इस विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से नागरिकों को साफ-सफाई बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

