जयपुर में स्वच्छता अभियान 6.0: आईएमपीसीसी की बैठक आयोजित
बैठक में सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता पहलों के प्रचार और मंत्रालयों के बीच तालमेल मजबूत करने पर जोर दिया गया।

जयपुर में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत पीआईबी की आईएमपीसीसी बैठक में उपस्थित अधिकारी पौधे लेकर खड़े हैं।
जयपुर में स्वच्छता अभियान 6.0 को जन-जन तक पहुंचाने और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने के लिए पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 22 अक्टूबर को अंतर माध्यम प्रचार समन्वय समिति (आईएमपीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता की अच्छी पहलों को प्रचारित करने और विभिन्न मंत्रालयों के क्षेत्रीय कार्यालयों एवं संस्थानों के बीच तालमेल मजबूत करने पर चर्चा हुई।
2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत आयोजित बैठक की अध्यक्षता पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर के निदेशक अनुभव बैरवा ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए अनुभव बैरवा ने कहा कि पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), आकाशवाणी, दूरदर्शन और अन्य मीडिया माध्यमों के समन्वित प्रयासों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। साथ ही, सरकारी कार्यालयों में अपनाई जा रही अच्छी पहलों को भी व्यापक पहचान दिलाई जा रही है।
उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि कार्यसंस्कृति, सामाजिक जिम्मेदारी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। केंद्र सरकार के कार्यालय केवल कामकाज के केंद्र नहीं हैं, बल्कि नागरिकों के लिए सुशासन, अनुशासन और जिम्मेदार कार्यप्रणाली के उदाहरण भी हैं। ऐसे में कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखना और स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।
केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस), जयपुर में स्वच्छता के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश सिंह ने स्वच्छता और स्वास्थ्य के आपसी संबंध को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता के साथ-साथ मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के डॉ. पुनीत चतुर्वेदी ने कहा कि स्वच्छता बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. पुनीत चतुर्वेदी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत ठोस अपशिष्ट के स्रोत पर चार-स्तरीय पृथक्करण के प्रावधानों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत अपशिष्ट को गीले अपशिष्ट, सूखे अपशिष्ट, स्वच्छता अपशिष्ट और विशेष देखभाल अपशिष्ट की श्रेणियों में अलग-अलग करना आवश्यक है।
पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर के उप निदेशक धर्मेश भारती ने कार्यालय की ओर से स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी कार्यालयों से अपनी स्वच्छता संबंधी गतिविधियों की जानकारी पत्र सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि इन पहलों का प्रचार-प्रसार किया जा सके।
बैठक में आकाशवाणी केंद्र जयपुर के समाचार विभाग के सहायक निदेशक जितेंद्र द्विवेदी ने अपने विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आकाशवाणी केंद्र जयपुर ने संकल्प ही सेवा अभियान की विशेष कवरेज की। राजस्थान में जारी निकाय एवं पंचायत चुनावों को देखते हुए समाचारों के माध्यम से युवा मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य भी आकाशवाणी केंद्र जयपुर के समाचार विभाग ने किया।
माय भारत के सहायक निदेशक प्रदीप कुमार ने अपने विभाग की गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027, नशा मुक्त राष्ट्रीय संकल्प समारोह सहित विभिन्न पहलों को राजस्थान में जन-जन तक पहुंचाने में पत्र सूचना कार्यालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, दूरदर्शन केंद्र जयपुर और आकाशवाणी जयपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बैठक में दूरदर्शन केंद्र जयपुर के सहायक निदेशक (कार्यक्रम) के. डी. शुक्ला, दूरदर्शन केंद्र जयपुर के समाचार एकांश की समाचार संपादक जया गुप्ता और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जयपुर क्षेत्रीय केंद्र के सहायक क्षेत्रीय निदेशक कमलेश मीणा ने भी भाग लिया।
इसके अतिरिक्त केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), प्रादेशिक कार्यालय, जयपुर के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नंद राम सहित बुनकर सेवा केंद्र जयपुर, राष्ट्रीय मिलेट्स विकास निदेशालय जयपुर, भारतीय मानक ब्यूरो, राष्ट्रीय कैरियर सेवा केंद्र और विपणन एवं निरीक्षण निदेशालय जयपुर समेत केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों को विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत पौधे वितरित किए गए। बैठक में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सरकारी विभागों के बीच समन्वय को अभियान के प्रमुख पहलुओं के रूप में रेखांकित किया गया।

