जयपुर को गड्ढा गंदगी और प्लास्टिक मुक्त बनाने हेतु नगर निगम में कार्यशाला
ब्रांड एम्बेसडर के.के. गुप्ता ने अधिकारियों को 100 प्रतिशत कचरा संग्रहण, जीपीएस मॉनिटरिंग और खाली भूखंडों पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

नगर निगम जयपुर के सभागार में आयोजित कार्यशाला के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एम्बेसडर श्री के.के. गुप्ता, अधिकारियों को स्वच्छता प्रबंधन और ठोस अपशिष्ट निस्तारण के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए।
जयपुर, 10 मार्च। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत जयपुर जिले की समस्त नगरीय निकायों, रूडीप/अमृत 2.0 परियोजना तथा जल जीवन मिशन से संबंधित अधिकारियों की कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को नगर निगम जयपुर के सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) राजस्थान के ब्रांड एम्बेसडर श्री के.के. गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए ब्रांड एम्बेसडर श्री गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता में ही राष्ट्र के नागरिकों के स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कुंजी निहित है। स्वच्छता एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि वर्षभर निरंतर किया जाने वाला पुण्य कार्य है।
मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप 'गड्ढा, गंदगी एवं प्लास्टिक मुक्त' जयपुर का संकल्प
श्री के.के. गुप्ता ने कार्यशाला में स्पष्ट किया कि "प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जयपुर को गड्ढा, गंदगी एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य हम सभी का होना चाहिए।" उन्होंने सख्त लहजे में अधिकारियों को हिदायत दी कि स्वच्छता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जयपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी निकायों में संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ मोहल्लों में रहने वाले आम नागरिकों को भी जोड़ते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर स्वच्छता कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर नियमित रूप से किया जाना चाहिए।
धरातल पर प्रभावी कार्यान्वयन हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
स्वच्छता को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जोर दिया। इसमें 100 प्रतिशत कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, समयबद्ध तरीके से वर्ष के 365 दिन कचरा उठाव, जीपीएस के माध्यम से मॉनिटरिंग तथा सॉफ्टवेयर के माध्यम से पेनल्टी की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों एवं मूत्रालयों की दिन में तीन बार सफाई सुनिश्चित करने तथा जीईओ टैग्ड फोटो के माध्यम से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
नगरीय निकायों को सख्त कार्रवाई और सुदृढ़ीकरण के आदेश
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि खाली भूखंडों की सफाई नहीं होने पर पेनल्टी एवं सीज करने की कार्रवाई की जाए। व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित रात्रिकालीन सफाई, बिजली के पोलों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखना और बेसहारा गायों को गौशालाओं में पहुंचाना सुनिश्चित हो। इसके साथ ही नालियों की हाई-प्रेशर मशीन से सफाई, बाग-बगीचों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना तथा नगरीय निकायों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर (चतुर्थ) श्री आशीष कुमार, डीसी श्री ओम थानवी तथा जयपुर जिले के नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
