बच्चों को दुर्व्यवहार, लैंगिक अपराधों और ऑनलाइन खतरों से सुरक्षित रखने के लिए जयपुर में सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण के तहत शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। गुरुवार को जयपुर स्थित ए.डी.आर. सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में 50 चयनित राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों के 84 प्रभारी शिक्षकों को बाल अधिकारों, पोक्सो अधिनियम और विधिक सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षित शिक्षकों को अब अपने-अपने विद्यालयों में बाल सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए रिसोर्स पर्सन के रूप में तैयार किया जाएगा।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालय स्तरीय क्षमता निर्माण और निरंतर संवेदीकरण के उद्देश्य से आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर जिला की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता तारा अग्रवाल, जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर जिला ने की। इस दौरान संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तारा अग्रवाल ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना केवल परिवार और विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक बच्चे को भयमुक्त, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलावों और उनकी समस्याओं को समझकर समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में शिक्षक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकते हैं।

उन्होंने प्रभारी शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने तथा विद्यार्थियों, अभिभावकों और अन्य शिक्षकों को बाल अधिकारों एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही, बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों में उनकी निजता और गरिमा बनाए रखने तथा संबंधित सक्षम प्राधिकरणों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर जिला के सचिव पवन कुमार जीनवाल ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में बाल सुरक्षा, पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों और विधिक साक्षरता के प्रचार-प्रसार के लिए रिसोर्स पर्सन के रूप में कार्य करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों की रक्षा, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता, संवेदनशील मामलों की समय पर रिपोर्टिंग और बाल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी के लिए सक्षम बनाना है।

प्रशिक्षण के दौरान अधिवक्ता अनंत मिश्रा ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो अधिनियम), 2012 के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों को प्राप्त कानूनी संरक्षण और बाल हितैषी न्यायिक प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और लैंगिक अपराधों से जुड़े मामलों में उनकी पहचान एवं निजता की गोपनीयता बनाए रखना कानूनी रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे मामलों में निर्धारित कानूनी प्रावधानों का पालन करना आवश्यक है।

बाल कल्याण समिति की कार्यवाहक अध्यक्ष शांति भटनागर ने संकटग्रस्त और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा में बाल कल्याण समिति की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता भी बताई।

वहीं, मनोवैज्ञानिक एवं बाल परामर्शदाता डॉ. साहिल त्रिवेदी ने बच्चों की आयु और मानसिक परिपक्वता के अनुरूप उनसे संवाद स्थापित करने, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान करने और आवश्यकता पड़ने पर मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण में बच्चों को ऑनलाइन खतरों, साइबर ग्रूमिंग और सेक्सटॉर्शन जैसी घटनाओं से सुरक्षित रखने के उपायों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को विद्यालयों में बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बच्चों के लिए सुरक्षित एवं बाल हितैषी वातावरण विकसित करने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित सक्षम प्राधिकरणों से समन्वय स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण के अंत में कार्यक्रम में बताए गए विभिन्न बिंदुओं पर समूह चर्चा आयोजित की गई। इसमें चयनित राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

Next Story