जयपुर में रविवार, 05 जुलाई 2026 को स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया और FIT India द्वारा हार्टफ़ुलनेस जयपुर सेंटर के सहयोग से “Sundays On Cycle” (संडे को साइकिलिंग) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हार्टफुलनेस के मुख्य मेडिटेशन सेंटर रामचंद्रपुरा में प्रातः 6:30 बजे आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत वार्मअप एक्सरसाइज के रूप में जुम्बा से की गई, जिसमें लगभग 375 प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इसके बाद FIT India एवं हार्टफुलनेस की ओर से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का शॉल, गुलदस्ता एवं हार्टफुलनेस मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया गया।

सभी अतिथियों ने “फिटनेस की डोज़ आधा घंटा रोज” का उद्घोष किया, जिसके बाद आयोजन के मुख्य अतिथि रामचंद्रपुरा ग्राम पंचायत के सरपंच एवं राजस्थान सरपंच संघ के अध्यक्ष श्री बंशीधर गढ़वाल ने झंडी दिखाकर साइकिल सवारों को रवाना किया।

इस आयोजन में FIT India की ओर से 70 साइकिल्स की व्यवस्था की गई थी, जबकि कुछ प्रतिभागी अपनी स्वयं की साइकिल लेकर भी पहुंचे थे। साइकिल सवारों में 8-10 साल के बच्चों से लेकर 85 वर्ष के बुजुर्ग तक शामिल रहे, जिन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ साइक्लिंग की।

साइक्लिंग पूर्ण होने के बाद सभी प्रतिभागियों ने हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन एवं मेडिटेशन सत्र में भाग लिया, जिसमें उन्होंने शांति और सुकून का अनुभव किया। कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा प्रतिभागियों ने अल्पाहार का आनंद लिया।

कार्यक्रम के बाद कई प्रतिभागियों ने अपने शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मिले आनंदपूर्ण अनुभव साझा किए और ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित करने का अनुरोध किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story