जयपुर में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), खेल प्रशिक्षण केंद्र (STC), जयपुर और सहयोग पब्लिक स्कूल के संयुक्त सहयोग से 02 अगस्त 2026 को विद्याधर नगर स्टेडियम में “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर स्वस्थ एवं नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन “नशा मुक्त भारत अभियान” की थीम पर किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा खेल एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत ऊर्जावान जुम्बा सत्र के साथ हुई। इसके बाद नृत्य, फिटनेस ड्रिल, मनोरंजक खेल और विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ इन गतिविधियों में हिस्सा लेकर फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लगभग 4 से 5 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली रही। इसमें प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर सामूहिक रूप से साइकिल चलाकर फिट इंडिया, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्त भारत का संदेश आमजन तक पहुंचाया। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित साइकिलिंग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और उपस्थित नागरिकों ने “नशा मुक्त भारत” की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

अभियान को व्यापक स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए “नशा मुक्त भारत” ऑनलाइन शपथ पंजीकरण (Online Pledge Registration) का लिंक भी सभी प्रतिभागियों के साथ साझा किया गया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन पंजीकरण कर भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ने और राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

यह कार्यक्रम फिट इंडिया मूवमेंट के उद्देश्यों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसमें नियमित व्यायाम, सामुदायिक सहभागिता और नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता को बढ़ावा दिया गया। विद्यालय के बच्चों और अन्य प्रतिभागियों के उत्साह ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रेरणादायक बनाया।

भारतीय खेल प्राधिकरण ने सहयोग पब्लिक स्कूल, सभी प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों और सहयोगी कर्मचारियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता और फिटनेस आधारित आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ, फिट एवं नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Next Story