जयपुर, 31 दिसंबर। प्रदेश में कर चोरी और अवैध व्यापार पर शिकंजा कसते हुए राज्य कर विभाग ने एक बार फिर सख्त संदेश दिया है। राज्य कर विभाग के आयुक्त श्री कुमार पाल गौतम के निर्देशों की अनुपालना में विभाग ने पान मसाला एवं मार्बल-ग्रेनाइट के अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए गए सघन अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक चली आकस्मिक जांच कार्रवाई के दौरान विभाग की अलग-अलग टीमों ने प्रदेश के प्रमुख राजमार्गों पर छापेमारी कर 13 वाहनों को जब्त किया है।

जांच के दौरान जब्त किए गए वाहनों में परिवहन किए जा रहे माल के दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकांश वाहनों में माल का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों, जैसे बिल और ई-वे बिल, के किया जा रहा था। कुछ मामलों में कर मुक्त माल के फर्जी दस्तावेज तैयार कर पान मसाला का परिवहन किया जा रहा था, जबकि कई वाहनों में माल का विवरण गलत दर्शाया गया। इसके अलावा कुछ मामलों में माल प्राप्तकर्ता के पते भी जानबूझकर गलत पाए गए, जिससे कर चोरी की मंशा स्पष्ट होती है।

यह कार्रवाई सीकर, जयपुर, भरतपुर सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में की गई, जहां अवैध परिवहन की आशंका के आधार पर वाहनों को रोका गया। विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहनों और उनमें लदे माल का मूल्यांकन किया जा रहा है तथा नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

मुख्य आयुक्त द्वारा विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए और अधिक सख्ती बरती जाए, ताकि राज्य के राजस्व को हो रही हानि को प्रभावी रूप से रोका जा सके। विभाग का स्पष्ट कहना है कि कर चोरी और अवैध व्यापार के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राज्य कर विभाग द्वारा आयरन-स्टील, रियल एस्टेट और माइनिंग सेक्टर में की गई कार्रवाइयों के दौरान लगभग 450 करोड़ रुपये की कर चोरी उजागर की गई थी। इसी क्रम में पान मसाला, सुपारी, स्क्रैप और मार्बल के अवैध परिवहन में संलिप्त 28 वाहनों को भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई न केवल कर चोरी के खिलाफ विभाग की सख्त नीति को दर्शाती है, बल्कि अवैध व्यापार में लिप्त तत्वों के लिए एक स्पष्ट चेतावनी भी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story