जयपुर। प्रेम प्रकाश मंडल के संस्थापक, मंगलमूर्ति आचार्य 1008 योगीराज सदगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का मासिक जन्मोत्सव 'चौथ पर्व' श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह पावन तिथि प्रेम प्रकाशी प्रेमियों के लिए विशेष रूप से मंगलकारी, सुख प्रदान करने वाली और मनोवांछित फल देने वाली मानी जाती है। भक्तों की अटूट मान्यता है कि इस विशेष तिथि पर आचार्य श्री के पावन दर्शन मात्र से ही जीवन के समस्त कष्ट दूर होते हैं और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

इस अवसर पर जयपुर स्थित पावन तीर्थ स्थल 'श्री अमरापुर स्थान' में 22 मई, शुक्रवार को भव्य आयोजन सुनिश्चित किया गया है। उत्सव की शुरुआत प्रातः काल की मधुर बेला में प्रातः 6 बजे आचार्य श्री के दिव्य मंगल दर्शन के साथ होगी। इसके पश्चात प्रातः 7 बजे भक्त एक पुष्प अर्पित करेंगे। तदुपरांत प्रातः 7 बजे से 8:30 बजे तक नित्य नियम प्रार्थना, संत-महात्माओं द्वारा भजन-संकीर्तन, आचार्य श्री की महिमा का गुणगान और गुरुप्रार्थनाष्टक का विशेष पाठ आयोजित किया जाएगा।

आध्यात्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में सायंकाल 4 बजे महिला मंडल द्वारा सामूहिक चालीसा और जन्म सखी पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण संतों द्वारा सदगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज द्वारा रचित ग्रंथ 'ब्रह्मदर्शनी' का संगीतमय पाठ होगा। कार्यक्रम के दौरान सतनाम साक्षी महामंत्र का जाप भी गूँजेगा। आरती के पश्चात आचार्य श्री के विग्रह के समक्ष 56 भोग का थाल अर्पित किया जाएगा। उत्सव की गरिमा को देखते हुए समाधि स्थल स्थित श्री मंदिर को सुंदर ऋतु पुष्पों से अलंकृत किया जाएगा और गुरुमुख द्वार पर आकर्षक रंगोली सजाई जाएगी, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।

Next Story