जयपुर वनमण्डल में गुरुवार को राजस्थान में पाए जाने वाले विभिन्न प्रजातियों के सर्पों की पहचान, उनके व्यवहार और सुरक्षित रेस्क्यू की तकनीकों पर केंद्रित स्नेक रेस्क्यू कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 16 जुलाई को पक्षीघर नींदड़ बेनाड़ में उप वन संरक्षक जयपुर वी. केतन कुमार के निर्देशन में आयोजित हुई।

कार्यशाला के दौरान होप एंड बियॉन्ड फाउंडेशन के डॉ. जॉय गार्डनर और उनकी टीम ने मुख्य रूप से राजस्थान प्रदेश में पाए जाने वाले सर्पों की विभिन्न प्रजातियों की पहचान तथा उनके व्यवहार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उपस्थित सभी वन अधिकारियों और वनकर्मियों को सर्पों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और उनका रेस्क्यू करने की व्यावहारिक विधि भी सिखाई गई।

कार्यशाला में सहायक वन संरक्षक मुख्यालय जयपुर लेखराम, सहायक वन संरक्षक जयपुर सुलोचना चौधरी, क्षेत्रीय वन अधिकारी आमेर जयपुर बृजपाल सिंह तथा वनमण्डल जयपुर की सभी रेंजों के वनकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान होप एंड बियॉन्ड फाउंडेशन की ओर से जयपुर वनमण्डल की सभी रेंजों को स्नेक रेस्क्यू किट भी प्रदान किए गए।

यह कार्यशाला वन अधिकारियों और वनकर्मियों को सर्पों की सही पहचान, उनके व्यवहार की समझ तथा सुरक्षित रेस्क्यू की तकनीकों से प्रशिक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।

Next Story