जयपुर, 12 जुलाई 2026। सिंधी समाज के अबूझ सावे वामन जयंती के अवसर पर आगामी 23 सितंबर को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। भगवान झूलेलाल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह भव्य समारोह जयपुर के अग्रवाल फॉर्म स्थित लायंस पैराडाइज़ में संपन्न होगा। इस आयोजन की मुख्य संयोजिका शोभा बसंतानी ने जानकारी दी कि विवाह समारोह में कुल 11 जोड़ों का विवाह सनातन पद्धति और सिंधी रीति-रिवाजों के अनुसार विधिवत रूप से संपन्न कराया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि सामूहिक विवाह के लिए जोड़ों का पंजीयन कार्य आरम्भ हो चुका है।

कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए समिति ने विशेष जिम्मेदारियां तय की हैं। समिति के अध्यक्ष गिरधारी संभनानी और महासचिव लाल चंद खानवानी ने बताया कि आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नारायण दास नज़वानी को मुख्य समन्वयक और तुलसी संगतानी को समन्वयक नियुक्त किया गया है, जबकि गोरधन आसनानी और प्रमोद नावाणी को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति के प्रवक्ता मूलचंद बसंतानी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवान झूलेलाल के वंशज दादा सुंदर ठकुर करेंगे। सामाजिक समरसता और सिंधी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

Next Story