गुलाबी नगरी के लघु काशी क्षेत्र स्थित श्री अमरापुर स्थान में मंगलवार, 24 नवम्बर को 15 दिवसीय कार्तिक महोत्सव का श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में समापन हुआ। 11 नवम्बर को भाई दूज से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन का समापन श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ, गीता जी और कार्तिक महात्म्य की कथा के भोग एवं परायण तथा विशाल आम भंडारे के साथ हुआ। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

महोत्सव के अंतिम दिन प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी निकाली गई। संकीर्तन की स्वर लहरियों से पूरा श्री अमरापुर धाम भक्तिमय हो उठा। प्रभात फेरी में भगवान कार्तिकेय, राधा-कृष्ण, सत्यनारायण भगवान, सदगुरु टेऊँराम जी महाराज और भगवान शिव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं को दर्शन दिए।

महोत्सव के दौरान सदगुरु टेऊँराम चौथ, देवउठनी एकादशी और गोपाष्टमी महोत्सव भी आयोजित किए गए। इन अवसरों पर नन्हे बाल स्वरूपों में सदगुरु स्वामी टेऊँराम, राधा-कृष्ण और भगवान कार्तिकेय की सजीव झांकियां सजाई गईं, जिन्होंने भक्तों का मन मोह लिया।

धार्मिक आयोजन के अंतर्गत संत-महात्माओं ने भजन, सत्संग और संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। संतों ने सदगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज द्वारा रचित आध्यात्मिक वाणी, दोहे, पद, छंद, भजन और कविताओं का भावपूर्ण गायन किया। इस दौरान स्वामी मोहन लाल जी महाराज ने कहा कि प्रेम प्रकाश ग्रंथ आध्यात्मिक वाणी के रचयिता सदगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज थे।

संतों ने मंच से एक बार फिर सदगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज की वाणी को हिंदी पाठ्य पुस्तकों में शीघ्र शामिल करने का आह्वान किया। इस मांग को महोत्सव के दौरान प्रमुखता से उठाया गया।

प्रभात फेरी में हरि बोल, ॐ नमः गुरुदेव स्वामी टेऊँरामाय, ॐ नमः शिवाय, भक्तों को दर्शन दे गए स्वामी टेऊँराम बाबा, जय जय राधा रमण-हरि बोल, सतनाम साक्षी-सदा बोल प्यारा, जय टेऊँरामा-दर्श दिखाना-अमरापुर बसिया रे मेरे मन बसिया रे और राधे राधे गोविंद-गोविंद राधे सहित विभिन्न संकीर्तनों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। इसके साथ ही प्रतिदिन सतनाम साक्षी महामंत्र का 108 बार जाप किया गया।

15 दिवसीय कार्तिक महोत्सव के दौरान प्रभात फेरी और संकीर्तन के साथ कार्तिक कथा, सदगुरु टेऊँराम चौथ महोत्सव, गोपाष्टमी महोत्सव, आंवला पूजन, देवउठनी एकादशी पर व्रत एवं संकीर्तन, सदगुरु टेऊँराम गौशाला में गौ पूजन और गौ सेवा, सत्यनारायण कथा तथा दीप प्रज्ज्वलन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुए।

महोत्सव के समापन पर श्री मंदिर और दिव्य समाधि स्थल पर फूलों का भव्य श्रृंगार किया गया तथा मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। आयोजकों के अनुसार, 15 दिवसीय उत्सव में जयपुर सहित देश-विदेश से आए एक लाख से अधिक प्रेमी श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी और हरिनाम संकीर्तन में भाग लिया। विशाल भंडारे के साथ संपन्न हुए इस आयोजन में संतों की आध्यात्मिक वाणी, सामूहिक संकीर्तन और सदगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश प्रमुख रूप से सामने आया।

Next Story