जयपुर शहरी सेवा शिविर 2026: झोटवाड़ा में मौके पर निस्तारित हुए दर्जनों आवेदन, सोमवार को आदर्श नगर में लगेगा शिविर
शहरी सेवा शिविर 2026 के तहत जयपुर के झोटवाड़ा में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नाम हस्तांतरण और पीएम स्वनिधि के मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ, सोमवार को आदर्श नगर में शिविर लगेगा।

झोटवाड़ा में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान नगर निगम अधिकारी एक नागरिक को दस्तावेज सौंपते हुए।
नगर निगम जयपुर द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर 2026” के तहत शुक्रवार को झोटवाड़ा/वैषाली नगर जोन में सामुदायिक केंद्र, तारानगर-डी, झोटवाड़ा में शिविर आयोजित किया गया। वहीं सोमवार को आदर्श नगर जोन कार्यालय, सेक्टर-4, जवाहर नगर में शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
झोटवाड़ा/वैषाली नगर जोन में आयोजित शिविर के दौरान आमजन को विभिन्न सेवाओं में तत्काल राहत प्रदान की गई। जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित प्राप्त 67 आवेदनों के प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए। इसके अलावा पट्टों के 9 प्रकरणों, नाम हस्तांतरण के 6 प्रकरणों, उपविभाजन एवं पुनर्गठन के 2 प्रकरणों तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 2 प्रकरणों का भी शिविर में ही निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान झोटवाड़ा निवासी आरती सांवरिया ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के कुछ ही समय बाद नगर निगम ने शिविर में उन्हें 15 हजार रुपये की ऋण राशि स्वीकृत कर चेक प्रदान किया। आरती सांवरिया ने बताया कि वह इस राशि का उपयोग अपने ब्यूटीशियन व्यवसाय का विस्तार करने में करेंगी, जिससे उनका रोजगार बढ़ेगा और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने शहरी सेवा शिविर में त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री और नगर निगम का तहे दिल से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार झोटवाड़ा निवासी भूपेंद्र सिंह ने अपने मकान के नाम हस्तांतरण के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के कुछ समय बाद ही नगर निगम प्रशासन ने उन्हें उनके मकान का नाम हस्तांतरण पत्र तैयार कर सौंप दिया। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इस कार्य में उन्हें नगर निगम का पूरा सहयोग मिला और बिना किसी परेशानी के कम समय में नाम हस्तांतरण पत्र प्राप्त हो गया। उन्होंने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री और नगर निगम प्रशासन का तहे दिल से धन्यवाद दिया।
नगर निगम के अनुसार शहरी सेवा शिविर 2026 के तहत सोमवार को आदर्श नगर जोन कार्यालय, सेक्टर-4, जवाहर नगर में शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां नागरिक विभिन्न नगर निगम सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करा सकेंगे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
