जयपुर। जयपुर जिले के शहरी निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 जून से शुरू हुआ 'शहरी सेवा शिविर-2026' का कारवां अब गति पकड़ चुका है। इसी क्रम में 15 जून को जिले की विभिन्न नगर निकायों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन को एक ही छत के नीचे सरकारी सेवाओं का लाभ मिलेगा।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि इन शिविरों में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जैसी मूलभूत सेवाओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही पट्टों का वितरण, भू-उपयोग परिवर्तन, भवन निर्माण स्वीकृति और लीज मुक्ति जैसे जटिल लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ हल किया जाएगा। शिविरों के दौरान केवल कागजी कार्यवाही ही नहीं, बल्कि शहरों की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पात्र नागरिकों को पेंशन योजनाओं, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, पीएम स्वनिधि और सामाजिक सुरक्षा की विभिन्न योजनाओं से सीधे जोड़ा जाएगा। इसके लिए शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क और ई-मित्र की विशेष व्यवस्था की गई है। 15 जून को नगर पालिका बगरू, बस्सी, चाकसू, चौमूं, दूदू, जमवारामगढ़, जोबनेर, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, किशनगढ़-रेनवाल, मनोहरपुर, नरायना, फागी, फुलेरा, सांभर लेक और शाहपुरा के निर्दिष्ट वार्डों में यह शिविर प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक संचालित होंगे। यह आयोजन न केवल शिकायतों के निस्तारण का जरिया बनेगा, बल्कि शहरी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।

Next Story