राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम जयपुर द्वारा 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर 2026” के तहत बुधवार को हवामहल-आमेर जोन में हैरिटेज भवन, पुराना पुलिस मुख्यालय, बड़ी चौपड़ में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का मौके पर लाभ उपलब्ध कराया गया और कई प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया गया।

शिविर का निरीक्षण माननीय विधायक हवामहल श्री बालमुकुंद आचार्य ने किया। इस दौरान उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हवामहल-आमेर जोन में आयोजित शिविर के दौरान जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित 80 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए गए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के 40 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा फ्री होल्ड के 8 प्रकरणों तथा नाम हस्तांतरण के 2 प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान स्थानीय निवासी श्री सुरेश बागड़ा ने अपने मकान के पट्टे के लिए आवेदन किया। आवेदन जमा करने के कुछ ही समय बाद नगर निगम प्रशासन ने उनका मकान पट्टा तैयार कर उन्हें सौंप दिया। अपने मकान का पट्टा प्राप्त करने के बाद श्री सुरेश बागड़ा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि शहरी सेवा शिविर में नगर निगम के पूर्ण सहयोग और त्वरित कार्रवाई से उनका कार्य पूरा हुआ। उन्होंने इसके लिए नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार का तहे दिल से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

इसी प्रकार आमेर के स्थानीय निवासी श्री विक्की सांवरिया ने शहरी सेवा शिविर में पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने के कुछ ही समय बाद नगर निगम ने उन्हें 25,000 रुपये की ऋण राशि स्वीकृत कर चेक प्रदान किया। श्री विक्की सांवरिया ने बताया कि वह कपड़ों का छोटा व्यवसाय करते हैं और पीएम स्वनिधि योजना से प्राप्त ऋण राशि का उपयोग अपने कारोबार का विस्तार करने में करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे उनकी आय में सुधार होगा, परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। अपने आवेदन का त्वरित निस्तारण होने पर उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री महोदय तथा नगर निगम प्रशासन का तहे दिल से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

हवामहल-आमेर जोन में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान विभिन्न नागरिक सेवाओं के प्रकरणों का मौके पर निस्तारण और लाभार्थियों को तत्काल राहत उपलब्ध कराए जाने से शिविर का उद्देश्य धरातल पर प्रभावी रूप से साकार होता दिखाई दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story