जयपुर में शहरी सेवा शिविर आयोजित, मंत्री राज्यवर्धन सिंह ने बांटे पट्टे
नगर निगम जयपुर द्वारा आयोजित शिविर में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने लाभार्थियों को मकानों के पट्टे और पीएम स्वनिधि योजना के चेक सौंपे।

तस्वीर में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (दाएं) जयपुर में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान एक लाभार्थी (बाएं) को नगर निगम का पट्टा सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम जयपुर द्वारा 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे “शहरी सेवा शिविर-2026” के तहत मंगलवार को झोटवाड़ा/वैषाली नगर जोन के सामुदायिक केन्द्र, तारानगर-डी, झोटवाड़ा में शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान आमजन से प्राप्त विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया तथा कई लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया। बुधवार को आदर्श नगर जोन कार्यालय, सेक्टर-4, जवाहर नगर में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर का निरीक्षण माननीय केबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को मकानों के पट्टे वितरित किए तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए।
नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने बताया कि “शहरी सेवा शिविर-2026” का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को विभिन्न नगर निगम सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनसे संबंधित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कर राहत प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि शिविरों में आमजन की सुविधा के लिए बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शिविरों में चिन्हित समस्याओं, लंबित प्रकरणों, प्राप्त आवेदनों, प्रार्थना पत्रों एवं सुझावों का तत्परता से समाधान किया जा रहा है। नागरिकों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है।
झोटवाड़ा/वैषाली नगर जोन में आयोजित शिविर के दौरान जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 317 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 317 आवेदनों के प्रमाण पत्र तत्काल जारी कर दिए गए। इसके अतिरिक्त नाम हस्तांतरण के 5 प्रकरणों तथा फ्री होल्ड के 5 प्रकरणों का भी मौके पर निस्तारण किया गया।
शिविर में कई नागरिकों को तत्काल राहत भी मिली। मरुधर नगर डीसीएम निवासी श्री नाचू राम यादव ने अपने मकान के पट्टे के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के कुछ समय बाद ही नगर निगम ने उन्हें उनके मकान का पट्टा तैयार कर सौंप दिया। पट्टा प्राप्त होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार का आभार जताया।
इसी प्रकार झोटवाड़ा निवासी श्री संतोष कुमार ने भी अपने मकान के पट्टे के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने और प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नगर निगम ने उन्हें भी शिविर में उनके मकान का पट्टा उपलब्ध कराया। पट्टा प्राप्त करने पर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन तथा माननीय मुख्यमंत्री का धन्यवाद और आभार प्रकट किया।
नगर निगम के अनुसार शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में बुधवार को आदर्श नगर जोन कार्यालय, सेक्टर-4, जवाहर नगर में शहरी सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
