जयपुर: गर्मी के कारण स्कूलों के समय में बदलाव, कक्षा 8 तक के लिए नए निर्देश
भीषण गर्मी और लू के चलते जिला प्रशासन ने कक्षा 8 तक के विद्यालयों का समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया है।

जयपुर। राजस्थान की राजधानी में सूर्यदेव के तल्ख तेवरों और भीषण गर्मी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने छात्र हित में एक बड़ा निर्णय लिया है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तापमान में रिकॉर्ड वृद्धि और लू (हीटवेव) चलने की प्रबल आशंका जताए जाने के बाद जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जयपुर, संदेश नायक ने जिले के समस्त शिक्षण संस्थानों के समय में तत्काल प्रभाव से परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं।
जिला कलक्टर द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों के अनुसार, जयपुर जिले के समस्त राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा आठवीं तक की कक्षाएं आगामी 27 अप्रेल से सत्रांत तक सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित की जाएंगी। प्रशासन का यह कदम छोटे बच्चों को दोपहर की झुलसाने वाली धूप और लू के प्रकोप से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। हालांकि, कक्षा 09 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं, समस्त विद्यालय स्टाफ तथा वर्तमान में संचालित अन्य बोर्ड या स्थानीय परीक्षाओं का समय पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत रहेगा।
प्रशासन ने इन आदेशों की पालना को लेकर अत्यंत सख्त रुख अख्तियार किया है। जिला कलक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो भी राजकीय अथवा निजी विद्यालय इन निर्देशों की अवहेलना करेंगे, उनके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के सुसंगत प्रावधानों के तहत कठोर नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जयपुर जिला प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा, जो बढ़ती गर्मी के बीच विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अनिवार्य कदम है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
