जयपुर में एससी-एसटी उद्यमियों के लिए विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन 7 जुलाई को
जयपुर में 7 जुलाई 2026 को एमएसएमई मंत्रालय द्वारा एससी-एसटी उद्यमियों के लिए विशेष जागरूकता एवं विक्रेता विकास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में सरकारी खरीद नीति और वित्तीय सहायता सहित उद्यमिता के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार की पहल नेशनल एससी-एसटी हब के अंतर्गत 7 जुलाई 2026 को जयपुर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमियों के लिए उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम द नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज़ कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, राजस्थान चैप्टर के सहयोग से डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी, 13-14, झालाना इंस्टीट्यूशनल एरिया, जयपुर में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एससी-एसटी उद्यमियों को सरकारी खरीद नीति, एमएसएमई सहायता योजनाओं, वित्तीय सहायता, गुणवत्ता मानकों, डिजिटल खरीद प्लेटफॉर्म तथा क्षमता निर्माण संबंधी पहलों के बारे में जागरूक करना है। इसमें प्रतिभागियों को केंद्रीय मंत्रालयों, सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों, वित्तीय संस्थानों तथा खरीद एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद करने का सीधा अवसर मिलेगा।
जयपुर एवं आसपास के जिलों से इस कार्यक्रम में 200 से अधिक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमियों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स तथा स्वयं सहायता समूहों के भाग लेने की संभावना है। नेशनल एससी-एसटी हब के अधिकारियों के अनुसार यह पहल एससी-एसटी उद्यमियों को बाजार संपर्क तथा सरकारी खरीद के अवसरों तक प्रभावी पहुँच उपलब्ध कराने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव श्रीमती मर्सी एपाओ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि एनएसआईसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री एस. एस. आचार्य तथा डीआईसीसीआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री संजीव डांगी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर श्री शशि किरण भी विशेष अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
उद्घाटन सत्र में नेशनल एससी-एसटी हब के महाप्रबंधक श्री उमेश दीक्षित का स्वागत उद्बोधन होगा, जिसके बाद नेशनल एससी-एसटी हब के प्रभारी श्री कुलदीप सिंह राजपूत योजनाओं पर प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का संचालन डीआईसीसीआई राजस्थान चैप्टर के अध्यक्ष श्री देवकीनंदन गोधा के नेतृत्व में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई मंत्रालय, उद्योग विभाग, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस, भारतीय रेल, एचआरआरएल, एनपीसीआईएल, एफसीआई, आरईआईएल, सीआईपीईटी, भारतीय स्टेट बैंक तथा यस बैंक के विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में विक्रेता पंजीकरण, ई-टेंडरिंग, बैंक ऋण एवं उद्यमिता विकास जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही, मौके पर उद्यम पंजीकरण, GeM पंजीकरण तथा विक्रेता पंजीकरण के लिए एक विशेष सुविधा केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
