2 अक्टूबर को होगा ‘सपनों की उड़ान–सशक्त युवा संवाद’, रोजगार उत्सव की तैयारियां तेज
जयपुर में 1 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सपनों की उड़ान–सशक्त युवा संवाद’ अब 2 अक्टूबर को होगा। भवानी निकेतन महाविद्यालय में राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव के तहत युवा संवाद, नियुक्ति पत्र वितरण और कई कार्यक्रम होंगे।

तस्वीर में जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर संदेश नायक और संबंधित अधिकारी बैठक करते हुए नजर आ रहे हैं.
जयपुर में 1 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सपनों की उड़ान–सशक्त युवा संवाद कार्यक्रम’ अब 2 अक्टूबर को दोपहर 1:00 बजे आयोजित होगा। राजस्थान सरकार के सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा हो प्रभु सेवा’ के अंतर्गत होने वाला यह कार्यक्रम भवानी निकेतन महाविद्यालय परिसर, सीकर रोड, जयपुर में आयोजित किया जाएगा।
राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव को सफल बनाने के लिए जिला कलेक्टर संदेश नायक ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं से संवाद करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत “नशा मुक्त युवा” मानव श्रृंखला के अवलोकन से होगी। इसके बाद युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री का उद्बोधन होगा। कार्यक्रम में लघु फिल्म ‘नई किरण’ का प्रदर्शन, नशामुक्ति पर नुक्कड़ नाटक और माय भारत पोर्टल पर नशामुक्ति क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा।
इस दौरान प्रतिभा/खेल मित्र एवं खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल का शुभारंभ, स्मार्ट मूल निवास प्रमाण पत्र की सेवा का शुभारंभ, शिलान्यास एवं लोकार्पण, अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान और युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का ‘युवा संवाद’, नशामुक्ति शपथ और उद्बोधन होगा। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
जिला कलेक्टर संदेश नायक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों, गैर सरकारी संगठनों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में आईएएस मृणाल कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर उत्तर राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर तृतीय देवयानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

