जयपुर में सरपंच चुनाव की तस्वीर साफ, 112 ग्राम पंचायतों में 928 अभ्यर्थी मैदान में
जयपुर जिले की 112 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के लिए नाम वापसी के बाद 928 अभ्यर्थी मैदान में हैं। अमरसर, आमेर, जालसू, रामपुरा डाबड़ी और शाहपुरा में मतदान 30 अक्टूबर को होगा। किसी भी पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ।

जयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के द्वितीय चरण के तहत सरपंच पदों के लिए चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो गई है। जिले की पांच पंचायत समितियों की 112 ग्राम पंचायतों में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 928 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं। खास बात यह है कि किसी भी ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि सरपंच पदों के लिए कुल 1,279 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के दौरान इनमें से 1,273 नामांकन पत्र वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद 345 अभ्यर्थियों ने चुनाव से अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद 928 अभ्यर्थी मैदान में रह गए।
पंचायत समिति-वार आंकड़ों के अनुसार, अमरसर की 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 167 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे। आमेर की 25 ग्राम पंचायतों में 209, जालसू की 25 ग्राम पंचायतों में 210, रामपुरा डाबड़ी की 21 ग्राम पंचायतों में 187 और शाहपुरा की 19 ग्राम पंचायतों में 155 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
नामांकन प्रक्रिया के आंकड़ों के मुताबिक, अमरसर में 252 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें से 250 वैध पाए गए। यहां 83 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। आमेर में 298 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें से 295 वैध रहे और 86 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए।
इसी तरह, जालसू में 279 नामांकन पत्र दाखिल किए गए और सभी वैध पाए गए। यहां 69 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। रामपुरा डाबड़ी में 238 नामांकन पत्र दाखिल हुए और 50 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। शाहपुरा में 212 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जो सभी वैध रहे। यहां 57 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस लिए।
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद द्वितीय चरण की सभी 112 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मुकाबले की स्थिति सामने आ गई है। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार, 30 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।

