जयपुर में सरपंच चुनाव की तस्वीर साफ, 212 ग्राम पंचायतों में 1,525 अभ्यर्थी मैदान में
जयपुर पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के पहले चरण में आठ पंचायत समितियों की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 1,525 अभ्यर्थी मैदान में हैं। कुल 2,119 नामांकन में से 2,108 वैध पाए गए और 583 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। जानें पंचायत समिति-वार चुनावी आंकड़े।

जयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के पहले चरण में सरपंच पदों के लिए चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। जिले की आठ पंचायत समितियों की 212 ग्राम पंचायतों में नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1,525 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। इस चरण में किसी भी ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि सरपंच पदों के लिए कुल 2,119 नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 2,108 वैध पाए गए। नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान 583 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद चुनाव मैदान में शेष रहे 1,525 अभ्यर्थियों के बीच सरपंच पदों के लिए मुकाबला होगा।
पंचायत समिति-वार आंकड़ों के अनुसार, चौमूं की 34 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 301 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं। दूदू की 25 ग्राम पंचायतों में 136, गोविंदगढ़ की 27 ग्राम पंचायतों में 210 और झोटवाड़ा की 19 ग्राम पंचायतों में 120 अभ्यर्थी मैदान में हैं।
इसी तरह, जोबनेर की 28 ग्राम पंचायतों में 232 अभ्यर्थी, किशनगढ़ रेनवाल की 26 ग्राम पंचायतों में 184, मौजमाबाद की 27 ग्राम पंचायतों में 185 तथा सांभर की 26 ग्राम पंचायतों में 157 अभ्यर्थी सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ेंगे।
नामांकन और नाम वापसी के आंकड़ों पर नजर डालें तो पंचायत समिति चौमूं में 394 नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 93 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। दूदू में 209 नामांकन प्राप्त हुए और 73 अभ्यर्थियों ने चुनाव से हटने का निर्णय लिया। गोविंदगढ़ में 303 नामांकन प्राप्त हुए, जबकि 90 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए।
झोटवाड़ा पंचायत समिति में 161 नामांकन प्राप्त हुए और 39 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। जोबनेर में 307 नामांकन के मुकाबले 73 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। किशनगढ़ रेनवाल में 251 नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें से 66 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया।
वहीं, मौजमाबाद में 262 नामांकन प्राप्त हुए और 77 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। सांभर पंचायत समिति में 232 नामांकन दर्ज किए गए, जबकि 72 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया।
इस तरह जयपुर जिले की आठ पंचायत समितियों की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारी पूरी हो गई है। किसी भी ग्राम पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन नहीं होने के कारण सभी 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए चुनावी मुकाबला होगा।

