जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर के इतिहास में 18 अप्रैल का दिन स्वच्छता के एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है, जहाँ पहली बार आयोजित ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’ ने शहर की सूरत बदल दी। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की दूरदर्शी पहल पर चले इस अभूतपूर्व अभियान के तहत महज एक दिन में 6000 टन कचरा उठाकर स्वच्छता का नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। इस महाभियान की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 9 हजार से अधिक अधिकारी व कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतरे और करीब 1500 गाड़ियों के जरिए 7000 ट्रिप्स लगाकर कचरे का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

आयुक्त ओम कसेरा ने सुबह 7 बजे से शाम तक स्वयं मोर्चा संभालते हुए फील्ड में रहकर करीब 200 किलोमीटर के लंबे रूट का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 15 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। शहर के 60 से अधिक प्रमुख संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कई जगह मौके पर खड़े रहकर दशकों पुराने ओपन कचरा डिपो को हटवाया। अभियान का आगाज मालवीय नगर जोन के वार्ड 83 (हाजिरीगाह) से हुआ, जिसके बाद यह काफिला रामबाग सर्किल, अंबेडकर सर्किल, ज्योति नगर टी-प्वाइंट, कठपुतली नगर, डियर पार्क, स्टेच्यू सर्किल, गवर्मेंट हॉस्टल, एमआई रोड, अजमेरी गेट और किशनपोल जोन तक पहुँचा। इसके पश्चात छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान स्टेडियम, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, हवामहल, जलेबी चौक, गोविंद देव जी मंदिर (जय निवास उद्यान), नगर निगम हैरिटेज मुख्यालय, पौंड्रिक उद्यान, ताल कटोरा, चांदी की टकसाल, जोरावर सिंह गेट, रामगढ़ मोड़ और बंगाली बाबा चुंगी तक सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया।

निरीक्षण की यह कड़ी दिल्ली रोड स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन (लाल डूंगरी), गलता जी, गोल मार्केट कचरा ट्रांसफर स्टेशन (राजा पार्क), झालाना कचरा ट्रांसफर स्टेशन और गांधी नगर से होते हुए लाल कोठी, प्रधान मार्ग, ओटीएस सर्किल, जवाहर सर्किल, एयरपोर्ट, टोंक रोड, प्रताप नगर एवं अन्नपूर्णा रसोई (आयूएचएस) तक विस्तृत रही। आयुक्त ने बंबाला पुलिया के नजदीक स्थित ट्रांसफर स्टेशन, सांगानेर बाजार के अंतर्गत सांगा बाबा मंदिर, त्रिपोलिया बालाजी व जैन मंदिर क्षेत्र का पैदल दौरा किया। इसके उपरांत सांगानेर स्टेडियम, मानसरोवर कचरा ट्रांसफर स्टेशन, द्वारका 10, पुरोहित पार्क, वेस्ट टू वंडर पार्क, श्याम नगर, पुरानी चुंगी, गांधी पथ, गुप्ता स्टोर, सिरसी रोड, खिरणी फाटक आरओबी, कालवाड़ रोड, पंखा कांटा, झोटवाड़ा चौराहा, सीकर रोड, मुरलीपुरा बाजार, वीकेआई 14 नंबर, हरमाड़ा, टोड़ी मोड कचरा ट्रांसफर स्टेशन, विद्याधर नगर, अंबाबाड़ी, चिंकारा कैंटीन, कलेक्टरी सर्किल एवं नगर निगम मुख्यालय तक पहुँचकर चप्पे-चप्पे की सफाई जांची गई।

आयुक्त ने धरातल पर स्वच्छता योद्धाओं के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद कर उत्साहवर्धन किया और बेहतर कार्य के लिए उन्हें सम्मानित कर प्रेरित किया। साथ ही आमजन व व्यापारियों से फीडबैक लेकर इस अभियान को जनसहभागिता का सशक्त स्वरूप दिया। हालांकि, ताल कटोरा में सुरक्षा उपकरणों के बिना कार्य कर रहे कर्मचारियों को देखकर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में शत-प्रतिशत सुरक्षा मानकों के साथ ही कार्य किया जाए। विभिन्न कचरा ट्रांसफर स्टेशनों पर मशीन-टू-मशीन निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

अभियान की सफलता का प्रमाण जिला कलेक्टर संदेश नायक और आयुक्त के संयुक्त दौरे में भी देखने को मिला। दोनों अधिकारियों ने टीम के साथ आरयूएचएस स्थित अन्नपूर्णा रसोई में दोपहर का भोजन कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर संदेश नायक ने इस नवाचार की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे अन्य निकायों में भी लागू करने के संकेत दिए। यह मैराथन केवल एक सफाई अभियान नहीं, बल्कि भारी जनभागीदारी के साथ स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ जयपुर के संकल्प का एक जीवंत उदाहरण सिद्ध हुआ है, जिसने नियमित रूप से कचरा संग्रहण से अछूते रहे स्थानों को भी मुख्य धारा में शामिल कर लिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story