जयपुर सफाई निरीक्षण: महापौर सुनील कोठारी ने दिए सुधार के निर्देश
सिविल लाइंस और विद्याधर नगर जोन में अतिक्रमण व कचरे पर चालान और ताला तुड़वाकर शौचालय खुलवाने से अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

जयपुर में औचक निरीक्षण के दौरान महापौर सुनील कोठारी ने शौचालय व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
जयपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम महापौर सुनील कोठारी ने बुधवार को सख्त रुख अपनाते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण किया। सुबह 9 बजे शुरू हुआ यह निरीक्षण दोपहर 2 बजे तक चला। करीब पांच घंटे के दौरान महापौर ने सिविल लाइंस और विद्याधर नगर जोन के 15 से अधिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान खुले में कचरा डालने, ओपन कचरा डिपो, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएनडी वेस्ट), अतिक्रमण और सार्वजनिक शौचालयों की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
महापौर सुनील कोठारी ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपन कचरा डिपो हटाने, नियमित झाड़ू लगाने, टूटे हुए डस्टबिन हटाकर नए डस्टबिन लगाने, सुलभ शौचालयों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और अवैध एवं अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत स्टेच्यू सर्किल से हुई। इसके बाद महापौर तिलक मार्ग पहुंचे, जहां कई इमारतों, बिल्डिंगों और सोसायटियों के बाहर खुले में कचरा तथा सीएनडी वेस्ट पड़ा मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद आमजन को कचरे के उचित निस्तारण के लिए समझाइश की। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।
इसके बाद अशोक उद्यान के आसपास सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहां गंदगी मिलने पर संबंधित सीएसआई को फटकार लगाई। सी-स्कीम स्थित नाले में कचरा डालने वालों के खिलाफ चालान करने और तत्काल सफाई करवाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। आमजन घरों का कचरा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें और सड़कों पर अवैध अस्थायी अतिक्रमण नहीं करें। सफाई एक दिन का काम नहीं, बल्कि नियमित जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करे तथा आमजन भी जागरूकता के साथ स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाएं, तभी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकेगा।
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के आसपास के क्षेत्र में अवैध एवं स्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशन के पास अवैध एवं अस्थायी अतिक्रमण मिलने पर मौके पर चालान काटा गया। महापौर ने दुकानदारों को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने की समझाइश भी की।
रेलवे स्टेशन के पास यूरिनल्स और सुलभ शौचालयों का निरीक्षण करते समय एक स्थान पर यूरिनल्स पर ताला लगा मिला। महापौर ने मौके पर ही ताला तुड़वाकर आमजन के लिए शौचालय खुलवाया। साथ ही रेलवे स्टेशन के आसपास पर्याप्त डस्टबिन लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। अब्दुल रहमान चिकन बिरयानी दुकान की ओर से किए गए अवैध अतिक्रमण पर 20 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज भी वसूल किया गया।
महापौर ने उपायुक्त उद्यान को अम्बाबाड़ी सर्किल के आसपास के क्षेत्र और मीडियन्स में पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जोनवार फुटपाथों पर भी पेड़-पौधों की नियमित कटाई-छंटाई सुनिश्चित करने को कहा।
विद्याधर नगर जोन में निरीक्षण के दौरान अवैध पशुओं को पकड़ने और चारा बेचने वालों के खिलाफ चालान करने के निर्देश उपायुक्त पशु प्रबंधन को दिए गए। सड़कों पर लगने वाली थड़ी-ठेलों और अवैध दुकानें लगाकर किए जा रहे अतिक्रमण पर भी महापौर ने कार्रवाई के निर्देश दिए। संबंधित सीएसआई को सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त करने और उल्लंघन करने वालों के चालान काटने को कहा गया।
महापौर ने आमजन से अपील की कि खुले में कचरा नहीं फेंकें और यदि कोई ऐसा करता दिखाई दे तो उसे रोकें-टोकें। उन्होंने 'ना कचरा डालेंगे, ना डालने देंगे' मुहिम को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
करीब पांच घंटे चले इस निरीक्षण के दौरान पार्षद सुभाष सिंगी, अतिरिक्त आयुक्त (द्वितीय) शैफाली कुशवाहा, उपायुक्त (स्वास्थ्य) ओम थानवी, उपायुक्त पवन कुमार शर्मा, संबंधित जोन उपायुक्त, उपायुक्त पशु प्रबंधन करणी सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। महापौर के निरीक्षण में सफाई व्यवस्था के साथ सार्वजनिक सुविधाओं, अतिक्रमण और कचरा प्रबंधन से जुड़ी खामियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को मौके पर ही जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

