राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, जयपुर (ग्रामीण) ने चर्म उद्योग को प्रोत्साहन देने, दस्तकारों के उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करने तथा नए डिज़ाइन विकसित करने के उद्देश्य से दो माह का निःशुल्क चर्म प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से 31 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबंधक कमलेश कुमार मीना ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का कम से कम आठवीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही उनकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी सादे कागज पर अपना नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, शैक्षणिक योग्यता तथा जाति/वर्ग का उल्लेख करते हुए 31 जुलाई 2026 तक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, जयपुर (ग्रामीण) में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ स्वयं का पासपोर्ट आकार का फोटो, पहचान पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के प्रशिक्षणार्थियों को दो माह तक लेदर गुड्स निर्माण का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें 500 रुपए प्रतिमाह की स्टाइपेंड राशि प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 1,000 रुपए मूल्य की टूलकिट भी वितरित की जाएगी।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र ने स्पष्ट किया है कि 31 जुलाई 2026 के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि तक आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन जमा करना होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story