जयपुर ग्रामीण में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, 130 गैस सिलेंडर जब्त
जयपुर ग्रामीण में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू की है। जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर गठित त्रिस्तरीय जांच दल ने अब तक 130 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रशासन पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।

जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए त्रिस्तरीय जांच दल का गठन किया गया है और लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
जिला रसद अधिकारी जयपुर द्वितीय श्रीमती संघमित्रा बेरडिया ने बताया कि गठित जांच दलों द्वारा विभिन्न स्थानों पर निरंतर जांच और प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। अब तक की कार्रवाई के दौरान कुल 130 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ नजदीकी थानों में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन दलों द्वारा अपने-अपने क्षेत्राधिकार में 25 से अधिक गैस एजेंसियों की जांच भी की गई है।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बीच यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्व की भांति निर्बाध रूप से जारी है। शनिवार, 14 मार्च 2026 को जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में 13 हजार 229 घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई।
जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी द्वारा पूरे अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और आम उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के मिलती रहे।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
