जयपुर में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, 35 प्रमुख सड़कों के रोड सेफ्टी ऑडिट और सुधार के निर्देश
जयपुर में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संदेश नायक ने 35 प्रमुख सड़कों के रोड सेफ्टी ऑडिट, ब्लैक स्पॉट चिन्हीकरण और यातायात सुधार के निर्देश दिए।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रानू शर्मा, जिला कलक्टर संदेश नायक, अतिरिक्त जिला कलक्टर युगांतर शर्मा और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जिला कलेक्ट्री जयपुर के सभागार में बैठक करते हुए नजर आ रहे हैं।
जयपुर में सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर एवं समिति अध्यक्ष संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसका गंभीरता से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन एवं रोड सेफ्टी प्रोटोकॉल की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे गंभीरता से लागू किया जाए तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में यादगार से सीतापुरा तक सुगम पथ बनाने के लिए 20 मई 2026 को किए गए निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों को दिए गए निर्देशों की पालना तथा उनके द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा भी की गई। जिला कलक्टर ने जयपुर शहर में संचालित व्यावसायिक भवनों, विशेषकर होटल, बार, कैफे, हॉस्टल आदि की पार्किंग व्यवस्था संबंधी जानकारी भवन के बाहर बोर्ड पर प्रदर्शित कराने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने ओवरलोडेड तथा मॉडिफाइड (फूड वैन) वाहनों के विरुद्ध आरटीओ द्वारा की गई प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की। इसके साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नए ब्लैक स्पॉट्स का चिन्हीकरण करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
जिला कलक्टर ने जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों की करीब 35 प्रमुख सड़कों के सौंदर्यीकरण, पैदल यात्रियों की सुविधा, सड़कों की मरम्मत तथा साइनेज व्यवस्था के संबंध में विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों एवं तकनीकी विषय विशेषज्ञों की सहमति से रोड सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट अतिशीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश जेडीए, नगर निगम, रीको और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को दिए।
उन्होंने शहर में प्रवेश करने वाले दिल्ली रोड, आगरा रोड, अजमेर रोड, सीकर रोड सहित अन्य प्रवेश द्वारों को दुरुस्त करने तथा सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क कराने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जेडीए, नगर निगम, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर निगम को शहर में गंदगी फैलाने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रानू शर्मा सहित यातायात, जेडीए, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और शहरी अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

