जयपुर कमला नेहरू नगर हादसे की जांच तेज, जिला कलक्टर ने दुर्घटनास्थल पर दिए बड़े सुरक्षा सुधार निर्देश
जयपुर के कमला नेहरू नगर सड़क हादसे की जांच के लिए जिला कलक्टर संदेश नायक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात सुरक्षा से जुड़े कई अहम निर्देश जारी किए।

तस्वीर में कुछ लोग और अधिकारी सड़क किनारे खुले स्थान पर खड़े हैं, जिनमें से एक व्यक्ति हाथ से दूसरी ओर इशारा करते हुए अन्य लोगों को कुछ समझा रहा है।
जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट बाईपास पर कमला नेहरू नगर में हुई भीषण सड़क दुर्घटना, जिसमें एक परिवार के पांच लोगों की कुचलकर मौत हो गई थी, उसकी विस्तृत जांच के लिए जिला प्रशासन द्वारा गठित सात सदस्यीय जांच समिति ने गुरुवार को जिला कलक्टर संदेश नायक के नेतृत्व में दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। समिति ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने के साथ ही हादसे के बाद विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई का परीक्षण किया और भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर संदेश नायक ने संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने 40 एवं 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा निर्धारित करने संबंधी संकेतक लगाने, नो पार्किंग के बोर्ड स्थापित कराने, मीडियन पर रेलिंग लगाने तथा क्षतिग्रस्त रेलिंग को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने यात्रियों की सुविधा के लिए हीरापुरा रोडवेज बस स्टैंड से अजमेर रोड पुलिया तक जेसीटीएसएल बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, लेन व्यवस्था में सुधार करने, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ विकसित करने, निजी पार्किंग की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें हटवाने तथा चौराहों पर लगे अनावश्यक डिवाइडरों को हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के माध्यम से सुरक्षित और सुचारु यातायात संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान समिति के अध्यक्ष अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात-दक्षिण जयपुर एवं समिति के सदस्य सचिव आमिर हसन, चाँदमल वर्मा ईडीए आरएसआरटीसी, आरटीओ प्रथम यातायात चंपालाल, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग आर.के. सिंह, साइट इंजीनियर एनएचएआई सागर सिंह, एनएचएआई के मैनेजर महेंद्र चावला सहित जांच समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। समिति द्वारा दिए गए सुझावों और निर्देशों का उद्देश्य भविष्य में इस प्रकार की सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकते हुए क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
