RE-NEET (UG) EXAM 2026 को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 103 परीक्षा केन्द्रों पर 37 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सुरक्षा, निगरानी और नियंत्रण कक्ष सहित विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा RE-NEET (UG) EXAM 2026 के सफल और सुचारू आयोजन को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार, 21 जून को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा में जिलेभर के 103 परीक्षा केन्द्रों पर 37 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन एवं संबंधित विभागों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि RE-NEET (UG) EXAM 2026 का आयोजन दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:15 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों का परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश प्रातः 11:00 बजे से प्रारम्भ होगा और दोपहर 1:30 बजे तक जारी रहेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 103 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 84 राजकीय तथा 19 निजी परीक्षा केन्द्र शामिल हैं। परीक्षा में कुल 37,108 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। इनमें 25,900 अभ्यर्थी राजकीय परीक्षा केन्द्रों तथा 11,208 अभ्यर्थी निजी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा देंगे।

परीक्षा के प्रभावी संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) नरेन्द्र कुमार वर्मा को जिला नोडल अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अशोक चन्द्र शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त आयुक्त-द्वितीय प्रवीण कुमार को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।

परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित की गई है। केन्द्रों की क्षमता के अनुसार पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई है। वहीं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमैट्रिक सत्यापन और जैमर जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता बनी रहे।

परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था एवं समन्वय बनाए रखने के लिए कलक्ट्रेट परिसर के कक्ष संख्या 116 में विशेष परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 20 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक तथा 21 जून को प्रातः 10:00 बजे से परीक्षा समाप्ति और सभी आवश्यक कार्य पूर्ण होने तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 निर्धारित किया गया है।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पहुंचने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराना है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष परीक्षा का अवसर मिल सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story