जयपुर: रावत पब्लिक स्कूल में "स्वच्छता की पाठशाला" आयोजित, नगर निगम ने दी ट्रेनिंग
जगतपुरा ज़ोन में राजस्थान दिवस स्वच्छता सप्ताह के तहत पीआईयू टीम ने छात्रों को कचरा पृथक्करण, 4-वे सेगरेगेशन और वेस्ट टू बेस्ट आर्ट के प्रति जागरूक किया।

नगर निगम जयपुर पीआईयू टीम द्वारा जगतपुरा ज़ोन में राजस्थान दिवस स्वच्छता सप्ताह के अंतिम दिवस के अंतर्गत रावत पब्लिक स्कूल में “स्वच्छता की पाठशाला” विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 और कचरा पृथक्करण की जानकारी
कार्यशाला के दौरान पीआईयू टीम द्वारा छात्रों को स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को कचरा पृथक्करण (Segregation) एवं प्लास्टिक के दुष्प्रभाव के बारे में सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया। इस अवसर पर जगतपुरा ज़ोन की Dc श्रीमती ममता नागर द्वारा बच्चों को स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने ट्रिपल-आर (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर के बारे में विस्तार से बताया तथा यह भी समझाया कि किस प्रकार कचरे को रीसायकल कर पुनः उपयोग में लाया जा सकता है।
फोर-वे सेगरेगेशन और स्वच्छता की शपथ
श्रीमती ममता नागर ने बच्चों को फोर-वे (चार प्रकार) सेगरेगेशन के बारे में भी जानकारी दी, जिससे वे गीले, सूखे एवं अन्य प्रकार के कचरे को सही तरीके से अलग करना सीख सकें। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से स्वच्छता का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया। साथ ही, संस्था से जुड़े बच्चों को स्वच्छता से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई और उन्हें दैनिक जीवन में स्वच्छ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वेस्ट टू बेस्ट: सृजनात्मक प्रदर्शनी का आयोजन
इसके अतिरिक्त, बच्चों द्वारा वेस्ट मटेरियल से “बेस्ट आर्ट” की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने टायर, बोतलों आदि अनुपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग (Reuse) कर आकर्षक एवं रचनात्मक कलाकृतियाँ तैयार कीं। इस प्रदर्शनी ने न केवल बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को दर्शाया, बल्कि स्वच्छता एवं रीसायकल के प्रति उनके उत्साह को भी बढ़ावा दिया। इस कार्यक्रम में ज़ोन Dc श्रीमती ममता नागर, स्कूल के निदेशक श्री नरेंद्र सिंह रावत, प्रधानाचार्य महोदय, स्कूल स्टाफ, पीआईयू टीम, सीएसआई एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
