ग्रामीण सेवा शिविर 2026: जयपुर जिला राजस्थान में रहा पहले स्थान पर
जिला कलक्टर संदेश नायक की मॉनिटरिंग और विभागों के समन्वय से जयपुर ने 22 विभागों के कार्यों के निस्तारण में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया।

तस्वीर में ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान एक स्टॉल पर बैठे चश्मा पहने अधिकारी और अन्य कर्मचारी एक ग्रामीण बुजुर्ग व्यक्ति से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा 12 जून से 15 जुलाई तक आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में जयपुर जिले ने समग्र प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। जिला कलक्टर संदेश नायक की निरंतर प्रभावी मॉनिटरिंग तथा विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय के परिणामस्वरूप 25 जून तक आयोजित शिविरों में प्रति शिविर औसत कार्यों के आधार पर जयपुर जिला राजस्थान में पहले स्थान पर रहा।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि प्रतिदिन उपखण्ड एवं विभागवार मॉनिटरिंग के कारण प्रारंभ में निचले पायदान पर रहे उपखण्डों और विभागों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों से प्रेरणा लेकर उल्लेखनीय सुधार किया। इसी प्रभावी निगरानी के चलते सभी विभागों ने बेहतर परिणाम दिए।
उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग को रास्ते के कुल 582 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 548 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जाति, मूल एवं निवास प्रमाण पत्र से जुड़े 13,717 प्रकरणों में से 13,196 का तत्काल समाधान किया गया। राजस्व अभिलेखों एवं खातों के शुद्धीकरण के 12,712 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 12,646 का मौके पर ही निस्तारण हुआ। इसके अतिरिक्त नामान्तरण, सीमांकन, पत्थरगढ़ी, आपसी सहमति से विभाजन, राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन, अतिक्रमण, गैर खातेदारी से खातेदारी, आबादी विस्तार सहित कुल 37,134 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 36,330 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
ग्रामीण विकास विभाग ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं स्वच्छता से संबंधित कुल 6,46,407 कार्य संपादित किए। पंचायती राज विभाग ने 3,27,851 प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण करते हुए 3,12,591 प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया।
वन विभाग को प्राप्त 541 प्रकरणों में से 530 का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा अब तक 1,91,016 पौधों का वितरण किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने उपचार, एनसीडी स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी मुक्त भारत अभियान तथा पीएमजेएवाई के अंतर्गत कुल 3,19,987 कार्य संपादित किए।
पशुपालन विभाग ने 33,469 बड़े एवं 53,795 छोटे पशुओं का उपचार किया। विभाग ने एफएमडी रोग प्रतिरोधक टीकाकरण के तहत 93,835 तथा एचएस, बीक्यू, पीवीआर एवं अन्य रोगों के विरुद्ध 54,274 टीकाकरण किए। 94,985 पशुओं को कृमिनाशक औषधि पिलाई गई तथा मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 12,001 लाभ प्रदान किए गए। विभाग ने कुल 5,20,308 कार्य कर 84,340 पशुओं को लाभान्वित किया।
ऊर्जा विभाग को बिजली संबंधी 23,384 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 23,327 का निस्तारण कर दिया गया। कृषि विभाग ने 1,99,714 किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा 1,017 प्रधानमंत्री फसल बीमा पॉलिसियां वितरित कीं। विभाग को प्राप्त सभी 731 प्रकरणों का निस्तारण भी किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्राप्त सभी 17,28,563 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। आयोजना विभाग ने प्राप्त सभी 13,965 प्रकरणों का समाधान किया। सहकारिता विभाग ने 1,03,899 किसानों को फसली ऋण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई तथा प्राप्त 1,19,453 प्रकरणों का भी निस्तारण किया।
आयुर्वेद विभाग ने 40,233 रोगियों को परामर्श तथा 16,750 लोगों को औषधियां उपलब्ध कराईं, जिससे कुल 58,295 रोगी लाभान्वित हुए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को प्राप्त 14,792 प्रकरणों में से 14,611 का निस्तारण किया गया। श्रम विभाग ने 25,435 लोगों को पंजीकरण के प्रति जागरूक किया तथा 73 टूलकिट आवेदकों के लिए 1,46,000 रुपये की राशि स्वीकृत की।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, आपदा प्रबंधन एवं सहायता, जल संसाधन, परिवहन, शिक्षा, सैनिक कल्याण, पीडब्ल्यूडी, खाद्य विभाग सहित कुल 22 विभागों ने 198 शिविरों में करीब 20 लाख कार्य संपादित कर 17,46,775 ग्रामीणों को लाभान्वित किया। जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण तक सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध लाभ पहुंचाना है। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में जयपुर का प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना इसी प्रभावी प्रशासनिक समन्वय और जवाबदेह कार्यप्रणाली का प्रमाण है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
