जयपुर: राजस्थान पुलिस और यूनिसेफ ने बच्चों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर
आरपीए परिसर में आयोजित वात्सल्य वार्ता में 200 छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

आरपीए परिसर में वात्सल्य वार्ता के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
जयपुर। बाल संरक्षण सप्ताह के तहत राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में आयोजित ‘वात्सल्य वार्ता’ में करीब 200 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों, बाल अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। राजस्थान पुलिस और यूनिसेफ के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस युवा संवाद में पुलिस अधिकारियों और बाल संरक्षण विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को संभावित खतरों की पहचान करने, उनसे बचने और जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के तरीके समझाए।
बुधवार, 18 नवंबर को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में बाल संरक्षण इकाई की ओर से यह विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
संवाद के दौरान राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। राजस्थान पुलिस अकादमी के उपाधीक्षक पुलिस धीरज वर्मा ने बच्चों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मौजूद विभिन्न खतरों के बारे में आगाह किया। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता समझाते हुए कहा कि किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में विद्यार्थियों को बिना संकोच पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने यातायात नियमों और राजस्थान पुलिस की विभागीय संरचना के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के अगले सत्र में सहायक पुलिस आयुक्त बालाराम और मुकेश ने विद्यार्थियों को नागरिक सुरक्षा के लिए पुलिस की राज्य एवं जिला स्तरीय कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं की भी विस्तृत जानकारी दी, ताकि विद्यार्थी पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं को समझ सकें।
यूनिसेफ की राज्य स्तरीय बाल संरक्षण सलाहकार सिन्धु बिनुजीत ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए बाल अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों की पहचान करने और उनकी सुरक्षित तरीके से रिपोर्टिंग करने के उपाय समझाए। इस दौरान यूनिसेफ के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
यूनिसेफ सलाहकार आशुतोष ने संयुक्त राष्ट्र की संरचनाओं और यूनिसेफ के कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि यदि उन्हें कोई बच्चा मुसीबत या संकट में दिखाई दे तो वे तत्काल अपने शिक्षकों, अभिभावकों या पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि जरूरतमंद बच्चे को समय पर सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निवेदिता गोस्वामी ने राजस्थान पुलिस के अधिकारियों और यूनिसेफ विशेषज्ञों का आभार जताया। उन्होंने संवाद सत्र को छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और करीब 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘वात्सल्य वार्ता’ के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

